युवक ने गर्भवती महिला के पेट पर मारी लात, हाथों हाथ हो गया यह हाल
Dholpur News, धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के बीलोनी गाँव में दो पड़ोसियों में घर के सामने कचरा डालने को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों पड़ोसियों के बीच झगड़े के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक की लाठी डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान युवक को बचाने आई गर्भवती महिला के भी पेट में लात लगने से वह भी घायल हो गई। मारपीट में घायल हुए देवर-भाभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल गर्भवती पूजा का आरोप है कि उनके पड़ोसी डम्बर पुत्र फद्दी आए दिन उनके दरवाजे के सामने अपने घर का कचरा पटक देता है, जिसको लेकर कई बार पहले भी उनके परिवार वालों का उससे झगड़ा हो चुका है। पीड़िता ने बताया कि गुरूवार शाम को उसने एक बार फिर से उनके घर के सामने कचरा फेंक दिया। जिस पर महिला के देवर लक्ष्मण पुत्र रतीराम की पड़ोसी डम्बर, मुकेश और पीतम से कहासुनी हो गई।
कहासुनी के दौरान पड़ोसियों ने उसके देवर की लाठी डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया। देवर को पिटता हुआ देख उसे बचाने पहुँची गर्भवती भाभी के पेट में आरोपियों की लात लग गई, जिससे महिला मौके पर ही अचेत हो गई। मारपीट करने के दौरान पूजा के अचेत होते ही आरोपी भाग गए। मारपीट के सूचना पर मौके पर पहुंचे घायलों के परिजनों ने उनको अस्पताल पहुंचाया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने कंचनपुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है। जिस पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications