Dera Follower Murder Case: जयपुर में मेन शूटर के साथ मुठभेड़, गिरफ्तार
डेरा सच्चा सौदा अनुयायी की हत्या में शामिल संदिग्ध शूटर को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी तलाश में पंजाब के साथ राजस्थान पुलिस भी जुटी थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रविवार को हुई मुठभेड़ में आरोपी को पैर में चोट लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा। फिलहाल उसका इलाज करवाया जा रहा। उसकी पहचान रमजान खान उर्फ राज हुड्डा के रूप में हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि वो पूछताछ में इस हत्याकांड से जुड़ा सारा राज खोल देगा।

मामले में जयपुर में एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) अवनीश शर्मा ने कहा कि हुड्डा दो अन्य लोगों के साथ एक फ्लैट में छिपा हुआ था। खुफिया सूचना के बाद राजस्थान और पंजाब पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जब टीम उसके पास पहुंची तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके अलावा पुलिस ने शूटर के दो साथियों हैप्पी मेहला (19) और साहिल मेहला (18) को भी गिरफ्तार किया, जो राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के रहने वाले हैं।
वहीं मामले में पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि उनके कब्जे से चीन निर्मित स्टार .30 कैलिबर और .32 कैलिबर की दो पिस्टल बरामद की गईं। इस ऑपरेशन को राजस्थान पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर चलाया गया। उन्होंने आगे कहा कि 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले में आरोपी सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी प्रदीप सिंह की 10 नवंबर को पंजाब के फरीदकोट में हत्या कर दी गई थी। उनको दुकान में घुसकर 6 लोगों ने गोली मारी थी, जिसमें से 5 को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि दो आरोपी नाबालिग हैं। हुड्डा इस केस का मुख्य शूटर था, जिससे अब पूछताछ की जाएगी। जांच में ये भी पता चला है कि हुड्डा कई दिनों से अपने ठिकाने बदल रहा था। पहले वो चंडीगढ़ से हिसार गया, इसके बाद फिर चंडीगढ़ वापस आ गया। शनिवार को वो जयपुर पहुंचा था, जिसकी खबर पुलिस को मिल गई। ऐसे में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications