चूरू गैंगवार : बदमाशों ने प्रदीप स्वामी को मारी 18 गोलियां, 13 गोली हुई शरीर के आर-पार
चूरू। राजस्थान के चूरू जिले के राजगढ़ उपखंड के गांव ढाणी मौजी हत्याकांड का आज तीसरा दिन है। हर किसी को खौफजदा करने वाले इस घटनाक्रम में हिस्ट्रीशीटर प्रदीप स्वामी, रिटायर्ड टीचर निहाल सिंह, ग्रामीण ईश्वर सिंह और एक हमलावर की मौत हो गई थी। हमलावर की शिनाख्त चंडीगढ़ निवासी बलबीर उर्फ चीमा उर्फ शेरा के रूप में हुई है।

प्रदीप स्वामी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई
चूरू जिले के हमीरवास पुलिस थाना इलाके के गांव ढाणी मौजी में हुई प्रदीप स्वामी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। पता चला है कि आरोपियों ने प्रदीप स्वामी की जान लेने के लिए उस पर ताबड़तोड़ फायर किए हैं।

शरीर से निकली पांच गोलियां
एक गोली लगने के बाद प्रदीप निढ़ाल होकर जमीन पर गिर गया था। फिर भी बदमाश पर उस गोलियां दागते रहे। प्रदीप को कुल 18 गोली मारी गई। पोस्टमार्टम के दौरान पांच गोली शरीर निकली हैं, जबकि 13 गोली शरीर से आर-पार हो गई।

हमीरवास थानाधिकारी लाइन हाजिर
प्रदीप स्वामी हत्याकांड के बाद चूरू एसपी नारायण टोगस ने हमीरवास थानाधिकारी सुभाषचंद्र को लाइन हाजिर कर दिया है जबकि हमीरवास पुलिस थाना के स्टाफ के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट सात देनी होगी।

क्या है ढाणी मौजी हत्याकांड
बता दें कि गांव ढाणी मौजी के सार्वजनिक चौक पर शुक्रवार शाम को प्रदीप स्वामी, निहाल सिंह, ईश्वर सिंह आदि ताश खेल रहे थे। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर बदमाशों ने लोगों को अलग हटने को कहा और प्रदीप स्वामी को टारगेट करते हुए फायरिंग शुरू कर दी थी।

19 घंटे बाद उठाए शव
प्रदीप स्वामी के साथ दो ग्रामीण भी चपेट में आ गए थे। फिर गांव में जोहड़ी के रास्ते में एक हमलावर का शव मिला। उसने खुद गोली मारी या साथियों ने ही उसकी हत्या पता नहीं चल पाया है। ढाणी मौजी हत्याकांड के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे और मौके से शव नहीं उठाने दिए। पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर 19 घंटे के बाद शव उठाने दिए। तीन शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया गया जबकि हमलावर के शव का पोस्टमार्टम रविवार को होगा।












Click it and Unblock the Notifications