भानजे की बाइक गुम होने पर छत्तीसगढ़ से IG मामा का Tweet, नागौर पुलिस ने तुरंत ढूंढी ली मोटरसाइकिल
नागौर, 16 नवंबर। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का ध्येय वाक्य वाली राजस्थान पुलिस द्वारा फरियादियों को टरकाने का मामला सामने आया है। प्रकरण में छत्तीसगढ़ के आईजी रैंक के अधिकारी को Tweet करना पड़ा है। तब हरकत में आई राजस्थान पुलिस ने लापता मोटरसाइकिल तुरंत ढूंढ भी निकाली। मामला राजस्थान के नागौर का है।

हुआ यूं कि शनिवार रात को नागौर जिले के कुचामन निवासी नीरज मेघवाल ने अपने घर के बाहर बाइक खड़ी की थी। आधी रात को आंख खुली तो पता चला कि घर के बाहर से बाइक गायब है। इस पर नीरज ने पहले तो अपने स्तर पर मोटरसाइकिल की तलाश की।
बाइक नहीं मिलने के कारण नीरज ने कुचामन पुलिस थाने में शिकायत दी। 24 घंटे तक भी मामला दर्ज नहीं होने पर नीरज ने अपने मामा रतनलाल डांगी को सूचना दी। रतनलाल डांगी आईपीएस हैं, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आईजी हैं।
सोमवार को बिलासपुर आईजी रतनलाल डांगी ने सोमवार को भानजे की एप्लीकेशन के साथ ट्वीट करते हुए लिखा कि 'मुझे कुचामन सिटी पुलिस इलाके से बाइक चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। फरियादी ने संबंधित थाने में एप्लीकेशन दी, मगर उस पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इस संबंध में कार्रवाई की जाए'
आईजी रतनलाल डांगी के ट्वीट जैसे ही नागौर पुलिस तक पहुंचा अधिकारी हरकत में आ गए। पुलिस को पता लगा कि बिलासपुर आईजी युवक के मामा हैं। इस पर पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया और सोमवार शाम तक युवक को बाइक भी ढूंढ कर दे दी। ट्वीटर पर ही IG रतनलाल डांगी को इसकी जानकारी भी दे दी गई। इधर, शाम होते-होते नीरज को दो दिन पहले चोरी हुई बाइक अपने घर की अगली गली में ही सही सलामत मिल गई।












Click it and Unblock the Notifications