ससुराल में बंदूक लेकर आया जीजा, बीवी की बात पर साले को मार दी गोली
Bhilwara News in Hindi, भीलवाड़ा। बहन को जबरन ले जाने से मना करने पर जीजा ने साले को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देर रात गंगापुर थाने के कालबेलिया खेड़ा में हुई। इससे वहां सनसनी फैल गई। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार चमनपुरा निवासी श्रवण (17) पुत्र मगना कालबेलिया ने कहा कि बुधवार को कालबेलियाखेड़ा स्थित घर पर उसका जीजा राजू पुत्र केसूनाथ कालबेलिया खाना-खाने आया था। खाने के बाद बहन को राजू जबरन ले जाने लगा।
बहन ने एक दिन और मायके में ही रुकने की बात कहते हुए राजू के साथ जाने से मना कर दिया। इसे लेकर कहासुनी हो गई। राजू वहां से चला गया और दूबारा बंदूक लेकर आया। राजू जबरन बहन को ले जाने लगा। इस पर वह बीच-बचाव करने गया। राजू ने उस पर बंदूक से गोली चला दी। गोली उसके एक हाथ और एक पैर में लगी। इससे वह घायल हो गया। उधर, रात के 12 बजे चली गोली से बस्ती के बाशिंदों में दहशत फैल गई। परिजनों ने घायल श्रवण को पहले गंगापुर व बाद में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल चौकी की सूचना पर गंगापुर थाने से नंदलाल अस्पताल पहुंचे। पुलिस श्रवण के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications