बीकानेर : मकान ढहने से पूरा परिवार खत्म, रातभर मलबे में दबे रहे पति-पत्नी व इकलौता बेटा
बीकानेर, 28 जुलाई। राजस्थान में बारिश जानलेवा साबित हो रही है। जोधपुर में चार बच्चों की मौत के बाद बीकानेर में भी दर्दनाक हादसा हुआ है। बीकानेर के दंतौर में कच्चा मकान गिरने से पूरा परिवार खत्म हो गया। पति-पत्नी और इकलौता बेटा रातभर मलबे में दबे रहे। सुबह लोगों ने उनको संभाला तब तक सांसों की डोर टूट चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलने पर खाजूवाला एसडीएम श्योराम, खाजूवाला सीओ अंजुम कायल, तहसीलदार गिरधारी सिंह, दंतौर थानाधिकारी हरपाल सिंह, प्रधान ममता बिरड़ा मौके पर पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों की साहयता से मलबा हटाकर तीनों के शवों को बाहर निकलवा कर मोर्चरी में रखवाया।
दरअसल, दंतौर और खाजूवाला क्षेत्र में पिछले लंबे समय से लगातार तेज बारिश हो रही है। इसी बारिश के पानी ने लोगों के कच्चे मकानों को घेर रखा था। दंतौर के चक 25 बीएलडी गोबर और गारे से बना यह कच्चा मकान बारिश झेल नहीं पाया और ढह गया। मकान के मलबे में दबने से महावीर कुमार और उसकी पत्नी सावित्री (38) और इकलौते बेटा योगेश की मौत हो गई है। जब मकान गिरा तब संभवतय ये तीनों सो रहे थे। आसपास के लोगों को तो पता ही नहीं चला।
सुबह जब आसपास के लोग बाहर निकले तो मकान गिरा हुआ था। भागकर पहुंचे और मकान के अंदर देखा तो तीनों के शव पड़े थे। अब शव दंतौर के अस्पताल में रखे गए हैं। हादसे को लेकर कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने दुख जताया है और परिवार को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications