लव मैरिज : दूल्हे को पकड़कर ले गई पुलिस, दुल्हन बोली-मुझे बेचना चाहते हैं घरवाले
भीलवाड़ा। प्रेम विवाह के बाद एक जोड़े की जिंदगी में आफत आ गई। दूल्हा जेल चला गया और दुल्हन ससुराल में रह गई। मामला राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गांव कुण्डियाकलां का है। शुक्रवार को इस मामले में युवक के परिजन व नवविवाहिता ने भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर युवक की रिहाई की मांग की है। इन लोगों ने युवती के पिता पर युवक के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाने व दो लाख रुपए मांग करने का भी आरोप लगाया है।

मामले के अनुसार करीब 15 दिन पहले गांव कुण्डियाकलां निवासी रामस्वरूप बागरिया व गांव नानकपुरा निवासी युवती डाली ने लव मैरिज कर ली थी। इसके बाद युवती के पिता ने रामस्वरूप के खिलाफ बेटी के अपहरण का झूठा मामला दर्ज करवा दिया, जिसमें पुलिस ने उसे अरेस्ट कर रखा है। अब युवती के पिता पर आरोप लगाया गया है कि वह युवक के घर आकर उसे हवालात से बाहर निकलवाने के लिए कथित तौर से दो लाख रुपए की मांग कर रहा है।
खुद युवती डाली के आरोप हैं कि उसके माता-पिता उसे जबरन बेचना चाहे रहे हैं। पुलिस भी उसका सहयोग दे रही है। पिछले कई दिनों से उसके पति को पुलिस ने पकड़कर रखा है और इनका परिवार भी पुलिस के डर से जंगलों में भटकने को मजबूर है। पीड़िता की सास मीरा का कहना है कि हमारे घर आए दिन पुलिस और डाली के परिवार वाले आकर धमकाते रहते हैं। जिसके कारण हम अपने घर भी नहीं जा पा रहे हैं। आज भी उन्होंने हमारे घर पर तोड़-फोड़ की। इसके कारण हम पुलिस अधिक्षक से न्याय की गुहार लगाए आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications