Ravindra Singh Bhati: गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से धमकी देने वाले मगाराम ने किया बड़ा खुलासा
Ravindra Bhati News: लोकसभा चुनाव 2024 में बाड़मेर-जैसलमेर से निर्दलीय उम्मीदवार रविंद्र सिंह भाटी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पकड़ लिया है। धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रोहित गोदारा कपूरीसर ने नहीं बल्कि किसी और ने दी थी।
बाड़मेर की शिव सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी को धमकी देने वाले का नाम मगाराम है, जो बाड़मेर के आडेल थाना रागेश्वरी के सारणों का तला का रहने वाला है। इसने पुलिस पूछताछ में कांग्रेस उम्मीदवार उम्मेदाराम बेनीवाल का नाम भी लिया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने मीडिया से बातचीत में बताया कि फेसबुक पर गैंगस्टर रोहित गोदारा कपूरीसर के नाम से रविंद्र सिंह भाटी के लिए धमकी भरी पोस्ट की गई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आईटी सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस जांच में पता चला कि रविंद्र सिंह भाटी को धमकीभरी पोस्ट रोहित गोदारा ने नहीं बल्कि मगाराम ने की। पुलिस ने उसे अरेस्ट किया। शुरुआती पूछताछ में तो वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, मगर फिर सख्ती बरती तो सच उगल दिया।
पुलिस के अनुसार मगाराम ने पूछताछ में बताया कि उसने सोशल मीडिया पर मगाराम 04, रोहित गोदारा कपूरीसर व मुकेश उर्फ मगाराम 123 के नाम से आईडी बना रखी है। 45 दिन पहले गूगल से फोटो लेकर रोहित गोदारा के नाम की आईडी बनाई और प्रोफाइल व कवर फोटो लगाई।
आरोपी मगाराम ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली बात बताई कि सोशल मीडिया पर उसने विधायक रविंद्र सिंह भाटी व उमेदाराम बेनीवाल के बारे में कई ऐसे-ऐसे कमेंट देखे, जिससे उसने आवेश में आकर फर्जी आईडी से सिणधरी व बालोतरा के बीच बस में सफर के दौरान 27 अप्रैल को रविंद्र सिंह भाटी को धमकी भरी पोस्ट कर दी।
एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि मगाराम की धमकीभरी पोस्ट तुरंत वायरल हो गई थी। इससे वह घबरा गया और सारी पोस्ट हटा दी। गैंगस्टर रोहित गोदारा कपूरीसर वाली आईडी का नाम बदलकर गुमान सिंह जोधपुर कर दिया। डर के मारे रात में उस आईडी को भी डिलीट कर दिया था, मगर आईटी सेल ने उसका पता लगा ही लिया।












Click it and Unblock the Notifications