अनोखी विदाई : रिटायरमेंट पर एक दिन का अफसर बना चालक, ADM ड्राइवर बनकर कार से घर तक छोड़ा
बाड़मेर, 2 फरवरी। राजस्थान के बाड़मेर एडीएम के ड्राइवर मदनदास का रिटायरमेंट पर शानदार विदाई दी गई है। उन्हें रिटायरमेंट वाले दिन एक अफसर बनने का अवसर दिया गया। यहीं नहीं बल्कि चालक के सम्मान में ADM एक दिन के चालक बने।

40 साल से थे चालक
दरअसल, मदनदास बीते चालीस साल से बाड़मेर एडीएम के चालक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। वे 40 साल से आगे की सीट पर बैठकर अफसर की गड़ी चलाते रहे जबकि अधिकारी पीछे बैठा करते थे। अब सेवानिवृत्त होने पर एडीएम ओमप्रकाश विश्नोई उनके चालक बने।

मदनदास को गाड़ी में अपनी सीट पर बिठाया
विश्नोई ने मदनदास को गाड़ी में अपनी सीट पर बिठाया और खुद ड्राइव करके उन्हें घर तक छोड़कर आए। यह देखकर मदनदास भावुक हो गये. मदनदास की ऐसी विदाई उनके जीवनभर ना भूलने वाला सुखद अहसास बन गया। मदनदास के रिटायरमेंट के बाद जब उनके अफसर ने उनके लिए गाड़ी का गेट खोला तो वे भावुक हो गए।

बाड़मेर कलक्ट्रेट में ही सेवाएं दे रहे
मदनदास पिछले 40 साल से बाड़मेर कलक्ट्रेट में ही सेवाएं दे रहे थे। 31 जनवरी 2022 को वे रिटायर हो गए। एडीएम साहब उन्हें एक दिन का साहब बनाकर उन्हें घर तक पहुंचाने गए। मदनदास के मुताबिक उनके लिए यह बड़ा ही गौरवांवित करने वाला पल था। एडीएम विश्नोई के इस कदम की महकमे में ही नहीं बल्कि पूरे जिले में चर्चा हो रही है।

सरकारी आवास पर फूलों से सजवाया
खास बात है कि एडीएम ओमप्रकाश विश्नोई ने अपनी कार को पहले सरकारी आवास पर फूलों से सजवाया। फिर खुद कार ड्राइव करते हुए ड्राइवर मदनदास को ऑफिस से लेकर घर पहुंचे। अपने घर अतिरिक्त जिला कलेक्टर को आया देख मदनदास का परिवार खुशी से झूम उठा।












Click it and Unblock the Notifications