Rajasthan: SDM ने घूस में मांगी 20 बीघा जमीन, 1 लाख नकद लिए, 2 लाख का डिनर-सैट लेते ACB ने पकड़ा
Banshidhar Yogi SDM khetri Jhunjhunu: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार शाम को खेतड़ी (झुंझुनूं) उपखंड अधिकारी (SDM) बंशीधर योगी को दो लाख रुपए की घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है। एसडीएम बंशीधर योगी ने रिश्वत दिल्ली के प्रॉपर्टी कारोबारी अमित शर्मा से खेतड़ी इलाके में उसकी 70 बीघा जमीन की डिक्री कराने की एवज में मांगी थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि ए.सी.बी. की स्पेशल यूनिट द्वितीय, जयपुर इकाई को परिवादी द्वारा एक शिकायत इस आशय की दी गई कि खेतड़ी के बबाई के पास उसकी 70 बीघा जमीन है, जिसके विवाद में न्यायालय द्वारा उसके पक्ष में दी गई डिक्री की पालना करवाने की एवज में आरोपी बंशीधर योगी (आर.ए.एस.) उपखण्ड अधिकारी द्वारा पहले 20 बीघा जमीन अपने नाम करवाने की मांग की।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Election Result: देवली-उनियारा उपचुनाव में SDM को थप्पड़ नरेश मीणा ने मारा, बाजी भाजपा ने मारी

परिवादी अमित शर्मा ने खेतड़ी एसडीएम बंशीधर योगी से कहा कि जमीन उसकी अकेले की नहीं बल्कि साझेदारी की है। इसलिए वह जमीन नहीं दे सकता। तब एसडीएम ने कहा कि फोकट में कोई काम नहीं होगा। कम से कम पांच लाख रुपए देने पड़ेंगे। बाद में तीन लाख रुपए में सौदा तय हुआ।
परिवार ने एसीबी में शिकायत दी। शिकायत के सत्यापन के दौरान एसडीएम बंशीधर योगी ने तीन लाख में से एक लाख रुपए ले लिए थे। अब मंगलवार को शेष दो लाख रुपए के एसडीएम ने क्रॉकरी सैट लिया। उसी दौरान एसीबी ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूर्व फौजी कोटे से साल 2016 में राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा पास के आरएएस बने बंशीधर योगी ने 18 अक्टूबर को खेतड़ी एसडीएम पद पर ज्वाइन किया था। योगी मूलरूप से कालाडेरा का रहने वाला है। पत्नी सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल है। खुद खेतड़ी कॉपर में सरकारी आवास में अकेले रहते थे। यहीं पर एसीबी ने ट्रेप की कार्रवाई की।
उल्लेखनीय है कि एसडीएम बंशीधर योगी दो साल बाद रिटायर होने वाले हैं। मंगलवार देर शाम दो लाख की घूस लेते एसीबी द्वारा ट्रेप किए जाने के बाद हंसते रहे। हालांकि रात को पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। तब एसीबी ने खेतड़ी के डॉ. महेंद्र सैनी को उनके आवास पर बुलाकर स्वास्थ्य की जांच करवाई।
पूर्व फौजी से आरएएस बनकर खेतड़ी एसडीएम पद पर पहुंचे बंशीधर योगी इससे पहले खेतड़ी-सूरजगढ़ में तहसीलदार के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा भिवाड़ी में उप पंजीयक, खंडार में एसडीएम, बिजोलिया में भी एसडीएम रहे हैं।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्रवाई जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications