हनुमानगढ़ पुलिस की कैद में कबूतर, पैरों पर लिखे कोड वर्ड की जांच करेगी इंटेलिजेंस ब्यूरो टीम
हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक कबूतर पुलिस की कैद में है, जिसकी जांच करने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो तक को इत्तला करनी पड़ी है।

एएसआई इंद्रा ने बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन की सुरेशीया कॉलोनी में बुधवार रात को एक कबूतर किसी के घर पर आ गया था। लोगों ने जब इस कबूतर को पकड़ा तो उसके पांव में कुछ कोड वर्ड लिखे मिले और एक नाम भी लिखा हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची हनुमानगढ़ पुलिस ने कबूतर को लाकर पिंजरे में बंद कर दिया।
हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा के अनुसार किसी व्यक्ति ने एक कबूतर उन्हें लाकर दिया था। उसके पंखों पर जीपीएस से कुछ लिखा हुआ था। दो पंजों में दो रिंग डाली गई थी। एक रिंग पर 11 अंकों में कुछ कोड वर्ड्स लिखे गए थे और बाकि दूसरे रिंग पर साजिद नाम लिखा हुआ था। हनुमानगढ़ जिला सरहदी इलाके श्रीगंगानगर से लगता हुआ है।
इसलिए सुरक्षा के लिहाज से कबूतर के बारे में पूरी पड़ताल जरूरी है। ऐसे में इंटेलिजेंस ब्यूरो जयपुर की टीम को सूचना दी गई है। अब आगे की जांच पड़ताल जयपुर इटेलिजेंस ब्यूरो करेगी। कबूतर को जल्द जयपुर भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications