राजस्थान : 108 एंबुलेंस में तड़पता रहा मरीज, ऑक्सीजन न मिलने के कारण गई जान
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना स्थित राजकीय अस्पताल में कथित तौर पर 108 एम्बुलेंस और चिकित्सकों की लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार डेगाना के रेवंत ग्राम रोड पर ग्रामीणों को अचेत अवस्था में अज्ञात एक युवक मिला था, जिसको 108 की मदद से डेगाना अस्पताल पहुंचाया गया।

युवक ने सल्फास खाकर सुसाइड करने का प्रयास किया था। इसके बाद उस युवक को डेगाना चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रैफर कर दिया गया, लेकिन अजमेर ले जाने के लिए डेगाना अस्पताल की 108 एम्बुलेंस के पास ऑक्सीजन किट ही उपलब्ध नहीं होने से उस युवक की जान चली गई।
बताया जाता है कि डेगाना अस्पताल में ऑक्सीजन के दो किट उपलब्ध थे, जो मानवता के नाते एम्बुलेंस को दिए जाते तो मरीज को तुरंत अजमेर पहुंचाया जा सकता था। इसके बाद 50 किमी दूर छोटी खाटू से दूसरी 108 एंबुलेंस बुलाई गई, जिसको डेगाना पहुंचने में 1 घंटे तक का समय लगना तय था।
ऐसे में युवक को त्वरित बेहतर इलाज नहीं मिल सका। आखिरकार युवक ने वहीं पर दम तोड़ दिया। हालांकि, मरीज की हालत अत्यधिक गंभीर थी लेकिन ऑक्सिजन किट 108 एम्बुलेंस को देकर अगर अजमेर भेज दिया जाता तो संभव था कि मरीज बच जाता। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। नियमानुसार किसी भी एम्बुलेंस को बिना ऑक्सीजन और इमरजेंसी उपकरणों के लाइसेंस ही जारी नहीं किया जाता।












Click it and Unblock the Notifications