Video: जयपुर की पॉश कॉलोनी में घुसा खूंखार तेंदुआ, करीब 3 घंटे तक लोगों के घरों की छत पर घूमता रहा
जयपुर, दिसंबर 19। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को एक तेंदुए के रिहायशी इलाके में घुस आने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, रविवार को सुबह के वक्त ये तेंदुआ मालवीय नगर जैसी पॉश कॉलोनी में लोगों के घरों की छत पर घूमता हुआ नजर आया। बताया जा रहा है कि ये तेंदुआ झालाना के जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाके की तरफ आ गया और फिर रास्ता भटक गया। इस तेंदुए पर लोगों की नजर पड़ने के बाद करीब 3-4 घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल रहा। हालांकि बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को पकड़ा।

वन विभाग की टीम ने जाकर पकड़ा
दैनिक भास्कर की खबर के मुताबिक, रिहायशी इलाके में तेंदुए के घूमने की जानकारी वन विभाग की टीम को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को पिंजरे में कैद किया और वहां से ले गए। इससे पहले तो कई घंटों तक ये खूंखार तेंदुआ लोगों की छतों पर इधर से उधर कूदता रहा। गनीमत ये रही कि इस दौरान इसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।

लोगों की चीख-पुकार के बीच तेंदुए को पकड़ा गया
तेंदुए के छत पर टहलने का वीडियो भी सामने आया है। आसपास लोगों की चीख-पुकार भी वीडियो में सुनी जा सकती है। वहीं वन विभाग की टीम भी किस तरह तेंदुए को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चला रही है, वो भी देखा जा सकता है। आपको बता दें कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि ये घटना शनिवार की है। बचाव अभियान के दौरान तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया था और उसने किसी को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाया।

शनिवार को ग्वालियर में भी एक गांव में घुस गया था तेंदुआ
आपको बता दें कि इस तरह की घटना एक दिन पहले शनिवार को ही मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी सामने आई थी, जब जंगल के करीब एक गांव में मादा तेंदुआ घुस गया। ग्वालियर के सातऊ जंगलों के पास कुशराज गांव में तेंदुआ लोगों की झोपड़ियों में घुस गया था। इस दौरान वन विभाग की टीम ने पहुंचकर तेंदुए को बेहोश कर अपने कब्जे में लिया था।












Click it and Unblock the Notifications