Jaipur News: भारी बारिश ने जयपुर में मचाई तबाही, बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोग फंसे
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बारिश ने भारी तबाही मचाई है और कई इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। शहर की कई सड़कें, एयरपोर्ट, पुलिस स्टेशन, अस्पताल और रेलवे स्टेशन तक की कई बिल्डिंग पानी भरा हुआ है।
वहीं, जयपुर के वीकेआई रोड स्थित ध्वज नगर में दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर जैसे हादसा हुआ है। जी हां..यहां सड़क किनारे बने एक बेसमेंट में बारिश का पानी भर गया। जिसकी वजह से बेसमेंट में एक महिला, उसकी भांजी और एक व्यक्ति फंसे गए।

इस हादसे पर अब डीसीपी वेस्ट अमित कुमार का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि, 'बेसमेंट में तीन लोगों के फंसे होने की खबर है,एक महिला, उसकी भांजी और एक व्यक्ति फंसे हैं।'
उन्होंने कहा कि दिवार टूटने की वजह से पानी भरा जिससे उन्हें बाहर निकलने का समय नहीं मिला। हम उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पानी निकालने में एक-डेढ़ घंटा और समय लगेगा है। हम जल्दी उन्हें बचा लेंगे।
खबर के मुताबिक, पूरे इलाके में इस वक्त पानी भरा हुआ है, जिस कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपको बता दें कि जयपुर में मॉनसून की पहली बारिश हुई है और हर जगह जलभराव की स्थिति बन गई है।
वहीं, बारिश के कारण कुछ जगहों से मकानों के ढहने की खबरें सामने आ रही हैं। जबकि, कुछ जगहों पर सड़क धंस गई है। जयपुर के जामडोली इलाके में बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस और वैन अचानक सड़क धंसने के कारण फंस गई है।
इस दौरान की तस्वीरें भी सामने आई हैं जो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई, और बच्चों को गाड़ी से नीचे उतार लिया गया। फिलहाल धंसी गाड़ियों को निकालने के लिए मौके पर जेसीबी को बुलाया गया है।
IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार सुबह बारिश का ऑरेंज और येलो अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, जयपुर, दौसा, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झुंझुनू चूरू, सीकर, अजमेर, नागौर जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
वहीं, धौलपुर, पाली, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications