राजस्थान : 2 महिलाओं में शराब की दुकान लेने की होड़, 72 लाख की बोली 5 अरब 10 करोड़ रुपए तक पहुंची
हनुमानगढ़। शराब पीकर तो अक्सर लोग बहक जाते हैं, लेकिन यहां तो मयखाने की बोली में बिडर ऐसे बहके कि बोली लगाते-लगाते सुबह से रात हो गई। ये शायद हिन्दुस्तान की सबसे महंगी शराब की दुकान होगी। जिसके लिए बोली लगाने वालों ने पैसों की ऐसी बारिश की, जिसकी कल्पना खुद आबकारी विभाग ने भी नहीं की होगी।

खुईया मिनाकदेशर शराब की दुकान का मामला
पूरा मामला राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले का है। यहां नोहर कस्बे के खुईया, मिनाकदेशर गांव में शराब की एक छोटी सी दुकान के लिए 5 अरब 10 करोड़ 10 लाख 15 हजार 400 रुपये की बोली लगी है। जबकि पिछले साल यह दुकान 65 लाख रुपए बिकी थी।

72 लाख 65 हजार रुपए थी शुरुआती बोली
शराब की एक दुकान के लिए इतनी बोली देखकर पूरा आबकारी विभाग सन्न रह गया। क्योंकि, इस दुकान की शुरुआत बोली सिर्फ 72 लाख 65 हजार रुपए रखी गई थी। दुकान की बोली सुबह 11 बजे शुरू हुई थी, जो देर रात रात 2 बजे तक चली।

किरण कंवर ने जीती बोली
हनुमानगढ़ आबकारी विभाग ने बताया कि दुकान के लिए आखिर तक एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच कॉम्पिटिशन चल रहा था। बोली पर बोली लगती रही और दुकान की कीमत लाखों से करोड़ों और फिर करोड़ों से अरबों में पहुंच गई। आखिर में इस दुकान के लिए सुरजनसर धानसीया के वार्ड नौ निवासी किरण कंवर नाम की महिला ने 5 अरब 10 करोड़ की बोली लगाकर बाजी जीत ली।

तीन दिन में जमा करवाने थे दस करोड़
राजस्थान आबकारी विभाग ने सफल बोलीदाता महिला को 2 फीसदी राशि जमा करवाने का डिमांड नोटिस जारी कर दिया है। महिला को अगले तीन दिन में 10 करोड़ से ज्यादा की एडवांस रकम विभाग को जमा करवानी होगी। पैसे जमा नहीं करवाने पर विभाग आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करेगा। इस दौरान आबकारी विभाग बोली लगाने वाली फर्म या व्यक्ति को ब्लैक लिस्ट भी कर सकता है। राजस्थान में शराब दुकानों की पांच चरणों में ई नीलामी हुई है।

आबकारी विभाग ने निरस्त की दुकान
इधर, 5 अरब 10 करोड़ रुपए की बोली लगाने के बाद शराब की दुकान किरण कंवर को आवंटित होनी थी। इसके लिए उसे वार्षिक राशि की एक फीसदी राशि तीन दिन में जमा करवानी थी। जबकि आवेदक द्वारा आठ मार्च तक वांछित धरोहर जमा करवा चालान तक प्रस्तुत नहीं किया गया। ऐसे में जिला आबकारी विभाग हनुमानगढ़ ने दुकान निरस्त कर किरण कंवर को अप्रत्याशित बोली लगाने पर उक्त नीलामी से तीन वर्ष के लिए ब्लैक लिस्ट कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications