छत्तीसगढ़: रमन सिंह ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. चरणदास महंत, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, राजस्थान की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया सहित छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश तथा देश के कई राज्यों के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए पिछले महीने की 11 और 19 तारीख को मतदान हुआ था। इस महीने की आठ तारीख को मतगणना के बाद घोषित चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को 49 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिला और डॉ. रमन सिंह तीसरी बार भाजपा विधायक दल के नेता निर्वाचित हुए और आज उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह भी एक संयोग रहा कि डॉ. रमन सिंह ने वर्ष 2008 में दूसरी बार भी 12 दिसंबर को इसी पुलिस परेड मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने पहली बार वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रथम चुनाव में पार्टी को भारी बहुमत मिलने के बाद प्रदेश के प्रथम निर्वाचित मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर राज्य प्रशासन की बागडोर संभाली थी।












Click it and Unblock the Notifications