रायपुरः कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए डिप्टी कलेक्टर ने टाल दी शादी की तारीख
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए कई फैसले लिए जा रहे हैं, जिसको लेकर शासन-प्रशासन के साथ-साथ आम जनता भी सतर्क हो रही है। तेजी से फैलते संक्रमण को रोकने के लिए प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित सभी शहरों में धारा 144 लागू करने के साथ-साथ लॉकडाउन भी कर दिया गया है।

इसी दौरान प्रशासनिक सेवा के तहत चयनित डिप्टी कलेक्टर ने अपनी शादी की तारीख टाल दी है। संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए डिप्टी कलेक्टर ने यह फैसला लिया है। रायपुर जिले में तैनात शीतल बंसल इन दिनों अभनपुर जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर तैनात हैं।
साल 2017 बैच की डिप्टी कलेक्टर शीतल बंसल की शादी भारतीय वन सेवा के अधिकारी आयुषी जैन से 26 मार्च को तय थी। इसी दिन दोनों सात फेरे लेने वाले थे। लेकिन कोरोना के संक्रमण के खतरे को देखते हुए फिलहाल शादी टालने का निर्णय दोनों ने लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी शीतल के बड़े भाई श्रवण बंसल और भाभी प्रतिमा बंसल इंडियन रेवेन्यू सर्विसेज में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इसके अलावा उनके एक अन्य बड़े भाई आईपीएस त्रिलोक बंसल छत्तीसगढ़ की राज्यपाल के एडीसी के तौर पर पदस्थ हैं।
इस वक्त डिप्टी कलेक्टर शीतल रायपुर कलेक्टर डॉ.एस भारतीदासन के मार्गदर्शन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशन में फ़्रंट लाइन पर रहते हुए कोरोना संक्रमण की रोकथाम की तमाम व्यवस्थाओं के संचालन में जुटी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications