पंजाब के 5 नगर निगमों में वोटिंग पूरी, अब घोषित नतीजे, जानिए कितने उम्मीदवार आजमा रहे हैं किस्मत
Punjab News: पंजाब में शनिवार (21 दिसंबर) को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान किया गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 4 तक चली। अधिकारियों के अनुसार, कुल 3,336 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जबकि चुनाव के लिए 3,809 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन चुनावों में पांच जिलों में नगर निगम, 41 नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए वोट डाले गए। मतदान के बाद आज ही मतगणना भी की जाएगी और परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
पंजाब के इन पांच प्रमुख नगर निगमों में वोटिंग
अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा के साथ-साथ 44 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए यह चुनाव कराए गए। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

आम आदमी पार्टी के लिए खास है चुनाव
आप के लिए यह चुनाव अग्निपरीक्षा के रूप में हैं, खासकर अमृतसर और जालंधर नगर निगमों में जहां 85-85 वार्ड हैं। वहीं, लुधियाना में 95, पटियाला में 60 और फगवाड़ा में 50 वार्ड हैं। इन सभी क्षेत्रों में नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के कुल 598 वार्ड हैं।
आप पार्टी के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि नवंबर में हुए विधानसभा उपचुनावों में उन्होंने तीन सीटों पर जीत हासिल की थी, और अब वह नगर निगम चुनावों में अपनी जीत की लय को बनाए रखना चाहेंगे।
पुलिस और होमगार्ड के 21500 कर्मी तैनात
चुनाव के सुचारु संचालन के लिए पुलिस और होमगार्ड के 21500 कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मतदान स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव संचालन के लिए 23,000 चुनाव कर्मियों की तैनाती की है, साथ ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रादेशिक सिविल सेवा (PCS) के 25 अधिकारियों को सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications