पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने संगरूर उप चुनाव को लेकर कही बड़ी बात, AAP की बढ़ी चिंता
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि संगरूर लोकसभा का उप चुनाव राज्य में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को जगाने वाला साबित होगा, जिन पर लोग हर बार भरोसा नहीं करेंगे।
चंडीगढ़, 11 जून 2022। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि संगरूर लोकसभा का उप चुनाव राज्य में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को जगाने वाला साबित होगा, जिन पर लोग हर बार भरोसा नहीं करेंगे। यहां संगरूर के मतदाताओं से उन्होंने कहा कि यदि आप इन्हें ठीक करना चाहते हैं और इनके होश ठिकाने लाना चाहते हैं, तो यहां से कांग्रेस उम्मीदवार का चयन करें।

'आप सरकार राज्य में पूरी तरह से फेल'
संगरूर हल्के में अलग-अलग जगहों पर चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन करने के बाद विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए, वड़िंग ने कहा कि जिस तरह भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार राज्य में पूरी तरह से फेल हो चुकी है, पंजाब के लोग इस सरकार को एक सबक सिखाने के लिए इनके खिलाफ वोट देने और कांग्रेस के उम्मीदवार का चयन करने हेतु संगरूर के मतदाताओं की तरफ देख रहे हैं।

'AAP' को वोट देकर नहीं करें मत बर्बाद- वड़िंग
राजा वड़िंग ने संगरूर के मतदाताओं से आप को वोट देकर अपना मत बर्बाद ना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकसभा में आप का एक भी सदस्य नहीं है और एक सांसद किसी भी मामले में कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने याद दिलाया कि इन लोगों ने पंजाब की सभी सात राज्यसभा सीटों को बेच दिया और उन सात राज्यसभा सदस्यों में से किसी ने भी संसद के अंदर या बाहर पंजाब के लिए एक शब्द नहीं बोला। जिस पर उन्होंने पूछा कि क्या आप उस गलती को दोबारा दोहराओगे?

राजा वड़िंग ने भीड़ से पूछा सवाल
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्साहित भीड़ से सवाल किया कि आप खुद से पूछें, क्या आप उम्मीदवार दलवीर गोल्डी के मुकाबले कहीं खड़ता है। जिस पर उन्होंने आप को गोल्डी और आप उम्मीदवार गुरमेल सिंह के मध्य सीधी बहस करवाने की चुनौती दी। वड़िंग ने कहा कि आप ने पहले से ही संगरूर के लोगों के मूड को समझ लिया है और यही कारण है कि पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की बहन मनप्रीत कौर को यहां से नहीं उतारने का फैसला किया, क्योंकि इससे पार्टी को बहुत अधिक शर्मसार होना पड़ता, जिनकी हार निश्चित थी।

'घमंडी सरकार को सबक सिखाने का एक सुनहरा अवसर'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संगरूर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह उनके लिए इस घमंडी सरकार को सबक सिखाने का एक सुनहरा अवसर है। आपने इन्हें शानदार बहुमत दिया और वह सफलता उनके सिर पर चढ़ गई है। आप सरकार और इसके मंत्री राज्य की चिंता नहीं करते और इसके विपरीत अपने विरोधियों के खिलाफ राजनीतिक दुश्मनी निकाल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब: जज के आवास की दीवारों पर खालिस्तान समर्थकों ने की ऐसी हरकतें, पुलिस जांच में जुटी












Click it and Unblock the Notifications