पीएम की सुरक्षा में चूक: फिरोजपुर पुलिस ने 100 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
फिरोजपुर, 07 जनवरी: पंजाब दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बुधवार (5 जनवरी) को सेंधमारी के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। फिरोजपुर पुलिस ने बुधवार को प्रधानमंत्री की पंजाब यात्रा के दौरान फिरोजपुर-मोगा नेशनल हाईवे को अवरुद्ध करने और सुरक्षा में चूक के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कुलगढ़ी थाना प्रभारी बीरबल सिंह के मुताबिक 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
Recommended Video

हालांकि उन्होंने किसी भी तरह की डिटेल बताने से साफ इनकार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हमारे पास संवेदनशील मामले के किसी भी विवरण का खुलासा नहीं करने के निर्देश हैं। मामले की जांच की जा रही है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को हिरासत में या गिरफ्तार नहीं किया गया है।
बता दें कि भारतीय किसान संघ (क्रांतिकारी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम को पीएम के काफिले की आवाजाही को रोकने की जिम्मेदारी ली थी। बीकेयू (क्रांतिकारी) के महासचिव बलदेव सिंह जीरा ने पहले मोगा-फिरोजपुर राजमार्ग पर पियारियाना गांव में धरने का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी ली, जिसने पीएम के काफिले को रोका था।
घटना की जिम्मेदारी लेते हुए बीकेयू (क्रांतिकारी) के महासचिव बलदेव जीरा ने कहा था कि किसानों ने 'अभिमानी मोदी' को सबक सिखाया है। पीएम ने किसानों को सड़क पर खड़ा किया था, आज उन्होंने पीएम को ही सड़क पर इंतजार करवाया। गौरतलब है कि मोदी सुरक्षा में चूका का मामला काफी गर्माता जा रहा है। पंजाब सरकार ने इस मामले पर एक लेवल कमेटी का गठन किया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। इसी के साथ गृह मंत्रालय ने भी इस सुरक्षा के चूक की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है, जो जल्द ही रिपोर्ट पेश करेगी।












Click it and Unblock the Notifications