कांग्रेस पंजाब की सत्ता से बाहर: ज्यादातर मंत्री चुनाव हारे, अब मुख्यमंत्री चन्नी देंगे इस्तीफा
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझानों में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल गया। वहीं, सत्तारूढ़ कांग्रेस बुरी तरह पिछड़ गई। ताजा रुझानों से स्पष्ट हो गया है कि, पंजाब चुनाव 2022 में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन रहा है। इस बीच खबर है कि, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। अमरिंदर सिंह के पद छोड़ने के बाद सीएम के रूप में पदभार संभालने वाले चन्नी ने दो निर्वाचन क्षेत्रों - चमकौर साहिब और भदौड़ से चुनाव लड़ा।

ताजा जानकारी मिल रही है कि, चन्नी अपनी दोनों सीटों पर पीछे चल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, अब चन्नी ने शुक्रवार दोपहर 1.20 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है जिसके बाद उनके इस्तीफा देने की संभावना है। इसके अलावा, अभी खबर यह भी आई है कि, चन्नी के चुनाव लड़ने वाले 17 कैबिनेट मंत्रियों में से केवल तीन आगे चल रहे हैं, जबकि 14 पीछे चल रहे हैं। आज राज्य में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती हो रही है।

चुनाव नतीजे जारी करने के लिए सूबे में 66 स्थानों पर लगभग 117 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से परिणाम दर्ज किए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने आज सुबह बताया था कि, उक्त सभी 117 मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 45 कंपनियों की तैनाती के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पंजाब में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 20 फरवरी को हुए थे।













Click it and Unblock the Notifications