पंजाब सीएम भगवंत मान बाेले- जापान-कोरिया दौरे ने राज्य के लिए खोले निवेश के नए रास्ते
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जापान और दक्षिण कोरिया के हालिया दौरे को निवेशकों का ज़बरदस्त उत्साह मिला है। उन्होंने बताया कि यह ऐतिहासिक यात्रा पंजाब को दुनिया में उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगी और राज्य को सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने में तेजी लाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य पंजाब में निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक विकास को गति देना और युवाओं के लिए अधिक रोजगार अवसर पैदा करना है।

जेबीआईसी ने औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्टों में रुचि दिखाई
जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (JBIC) के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक ओगावा काजूनोरी ने पंजाब में औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाओं को लेकर गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने पंजाब निवेश सम्मेलन में शामिल होने की भी इच्छा जताई।
ऑटोमोबाइल दिग्गजों का पंजाब में निवेश पर जोर
आइसन इंडस्ट्रीज, यामाहा मोटर और सुजुकी के प्रतिनिधियों ने पंजाब में निर्माण, अनुसंधान एवं विकास तथा ई-व्हीकल सेक्टरों में सहयोग और निवेश पर चर्चा की। इन कंपनियों ने 'प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टमेंट समिट 2026' में शामिल होने का स्वागत किया।
होंडा और JICA भी साझेदारी को तैयार
होंडा मोटर कंपनी ने भारतीय साझेदारों के साथ कंपोनेंट निर्माण की संभावनाएं तलाशने की बात कही। वहीं, जेआईसीए ने तकनीकी सहयोग, फसली विविधता, जल प्रबंधन और शहरी बुनियादी ढांचे में सहयोग का भरोसा दिया।
टोक्यो रोड शो में 250 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी
टोक्यो में आयोजित रोड शो में 250 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया। जेट्रो इंडिया के डीजी सुजुकी ताकाशी की मजबूत भागीदारी ने भारत-जापान आर्थिक सहयोग को नई ऊर्जा दी।
हीरो-सुमितोमो-किरियू समूह ने भविष्य की साझेदारियों पर चर्चा की
इन कंपनियों ने पंजाब में अपने सकारात्मक अनुभव साझा किए और नए प्रोजेक्टों के लिए औद्योगिक क्लस्टरों का मूल्यांकन करने पर सहमति जताई।
टोपन का पंजाब में 300-400 करोड़ निवेश का प्रस्ताव
टोपन होल्डिंग्स ने पंजाब में बड़ी निवेश योजना का संकेत दिया। इसके साथ 'स्किलिंग एक्सीलेंस सेंटर' स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन भी साइन हुआ।
आईची स्टील-वर्धमान के बीच 500 करोड़ निवेश के लिए सहमति
आईची स्टील और वर्धमान स्पेशल स्टील्स ने पंजाब में संयुक्त अध्ययन और तकनीकी सहयोग के लिए MoU साइन किया है। राज्य सरकार ने जापानी कंपनियों को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।
एग्री-टेक और औद्योगिक क्लस्टरों में यानमार की रुचि
यानमार कंपनी ने पंजाब में कृषि-तकनीक, सहायक उद्योगों और अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।
स्वच्छ ऊर्जा और विशेष गैसों में एयर वाटर इंक की रुचि
जापानी कंपनी एयर वाटर इंक ने बायो-मीथेन और विशेष गैसों में निवेश के अवसर खोजने की इच्छा जताई और पंजाब के स्वच्छ ऊर्जा क्लस्टरों में सहयोग की संभावना देखी।
ओसाका चैंबर ऑफ कॉमर्स ने व्यापार सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई
ओसाका चैंबर के प्रतिनिधियों ने भारत-जापान व्यापारिक संबंध मजबूत करने और भारतीय प्रतिभा को अवसर देने में रुचि व्यक्त की।
दक्षिण कोरिया के साथ आर्थिक साझेदारी मजबूत करने पर सहमति
सियोल में भारतीय दूतावास के सहयोग से कोरियाई कंपनियों और प्रवासी भारतीयों के साथ विस्तृत बैठकें की गईं। मान ने कहा कि पंजाब उत्तरी भारत का रणनीतिक औद्योगिक व व्यापारिक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
डाइवू E&C, GS ENC और नोंगशिम ने पंजाब को दिया सकारात्मक संकेत
कोरियाई कंपनियों ने बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, EPC प्रोजेक्ट, फूड प्रोसेसिंग और निर्माण क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की।
पैंगयो टेक्नो वैली मॉडल को पंजाब में लागू करने की संभावना
मुख्यमंत्री ने पैंगयो के स्टार्टअप और R&D मॉडल का अध्ययन किया ताकि मोहाली को समान तकनीकी और स्टार्टअप हब के रूप में विकसित किया जा सके।
इलेक्ट्रॉनिक्स-डिस्प्ले टेक सेक्टर में K-DIA की रुचि
कोरिया डिस्प्ले इंडस्ट्री एसोसिएशन ने पंजाब में इलेक्ट्रॉनिक्स और डिस्प्ले टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम विकसित करने में सहयोग की इच्छा जताई।
सियोल रोड शो में 42 से अधिक कोरियाई प्रतिनिधियों की भागीदारी
ब्लूमबर्ग, कोट्रा, देयांग कॉर्पोरेशन और अन्य प्रमुख कंपनियों ने पंजाब में निवेश और अनुसंधान केंद्र स्थापित करने में रुचि दिखाई।
खेल सहयोग के लिए KNSU की गहरी रुचि
कोरिया नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ने पंजाब से खेल प्रशिक्षण और शैक्षणिक साझेदारी को लेकर समझौते की इच्छा जताई।
पंजाब पर्यटन को भी बड़ी बढ़ोतरी मिलने की उम्मीद
सियोल में आयोजित पर्यटन रोड शो में कोरियाई टूर ऑपरेटरों ने पंजाब की पर्यटन संभावनाओं में दिलचस्पी दिखाई।
सीएम भगवंत बोले- तकनीक और प्रतिभा का संगम-पंजाब का भविष्य उज्ज्वल
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जापान और दक्षिण कोरिया तकनीक में अग्रणी हैं, जबकि पंजाब के पास प्रतिभा और मेहनती युवा शक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टमेंट समिट इस समन्वय को नई ऊंचाई देगी और पंजाब को वैश्विक औद्योगिक नक्शे पर शीर्ष पर पहुंचाएगी।












Click it and Unblock the Notifications