PM मोदी के बयान पर बोले CM मान- जनता का पैसा वापस करना रेवड़ी नहीं, कहां हैं आपके 15 लाख!
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी की सरकारों द्वारा जनता को मुफ्त बिजली-पानी व शिक्षा की योजनाओं पर विरोधी दलों द्वारा बेजां सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन जनकल्याणकारी योजनाओं को 'रेवड़ी कल्चर' बता दिया था और कहा था कि, इससे देश पर बोझ बढ़ेगा, यह कल्चर खत्म होना चाहिए। इस पर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई। आज आम आदमी पार्टी के पंजाबी नेता व मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी भाजपा से तीखे सवाल किए।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, जनता को उसके टैक्स का पैसा योजनाओं के रूप में वापस करना 'रेवड़ी' नहीं कहा जा सकता। मान ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि...यह जो बोल रहे थे कि रेवड़ी कल्चर खत्म होना चाहिए, मैं पूछता हूं कि आप अपने दोस्तों के कर्ज माफ करने को क्या कहेंगे? हमने जो कुछ किया जनता के लिए किया है, हमारी सरकार धन को जनता पर ही खर्च करेगी, क्योंकि वह उसी का है।' मान ने आगे सवालिया के लहजे में कहा कि, ''भाजपा ने हर खाते में 15 लाख रुपए पहुंचाने की बात कही थी, वो कहां है?''

भगवंत मान यहीं नहीं रुके, उन्होंने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, ये अपने दोस्तों का 10 लाख करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ रहे हैं, वो क्या है? वो है फ्री की रेवड़ी..अरे हम तो जनता का धन जनता की सेवा में लगा रहे हैं, यह रेवड़ी नहीं होता। रेवड़ी वो है जो आपने अपने दोस्तों के लिए किया।'

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि, हमारी सरकार जनता के धन का सदुपयोग कर जनता के कल्याण के लिए खर्च कर रही है..बिजली-पानी, शिक्षा यह जरूरी है ताकि जनता राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में समान भागीदार हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि, भाजपा की केंद्र सरकार तो उल्टा करती है, वो गरीब को मुफ्त नहीं देना चाहती, इन्होंने तो दिन-दहाड़े अपने कॉरपोरेट मित्रों को सरकारी खजाने की लूट की अनुमति दी। उनमें से कईयों ने अलग-अलग बैंकों से कई लाख करोड़ लिए और देश छोड़कर भाग गए।
मान से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मोदी और भाजपाइयों पर जमकर जुबानी हमला किया। भाजपा समर्थक आप की सरकार की कुछ योजनओं को मुफ्त की रेवड़ी बोल रहे हैं। मोदी के रेवड़ी वाले बयान पर आप के नेताओं ने खूब प्रतिक्रिया दी।












Click it and Unblock the Notifications