चीन बॉर्डर पर जान गंवाने वाले फौजी कुलदीप सिंह के माता-पिता से मिलने आए CM, दिया 95 लाख का चेक
फिरोजपुर। भारत-चीन बॉर्डर पर तैनात 21 सिख रेजीमेंट के जवान कुलदीप सिंह की दिल का दौरा पड़ने से जान चली गई। कुलदीप का पंजाब में उनके गांव में अंतिम संस्कार किया गया। उसके 3 दिन बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान आज कुलदीप सिंह के परिवार से मिलने जीरा के निकटवर्ती गांव लोहके कलां आए। यहां मान ने दिवंगत जवान के माता-पिता को आर्थिक राहत के तौर पर 95 लाख का चेक सौंपा। साथ ही एक नौकरी दिलाने का भी वादा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, हम कुलदीप सिंह की पत्नी को सेना में नौकरी दिलवाने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पता चला है कि गांव लोहके कलां से 30 जवान सेना में नौकरी कर रहे हैं। इस गांव के लोगों की स्टेडियम बनाने की मांग है, जिसे हमारी सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा। मैं तो कह रहा हूं कि हमारी सरकार द्वारा प्रत्येक गांव में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं। सूबे में 75वें स्वतंत्रता दिवस पर पंजाब में मोहल्ला क्लीनिकों का उद्घाटन किया जाएगा। उक्त क्लीनिकों में 90 फीसदी लोग ठीक होकर जाएंगे। इनमें हर प्रकार के टेस्ट भी मुफ्त में किए जाएंगे। पंजाब में 16 आधुनिक सुविधाओं से लैस मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, इन कॉलेजों में अस्पताल की सुविधा होगी, ताकि लोगों का इलाज हो सके।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि, सेना में पंजाब का कोई भी जवान (सैनिक) या अधिकारी शहीद होता है, उसके परिवार को पंजाब सरकार एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देगी। शहीद कुलदीप सिंह के परिजनों को पंजाब सरकार की तरफ से एक करोड़ की धनराशि दी गई है। आज 95 लाख का चेक दिया है, अंतिम भोग की रस्म वाले दिन पांच लाख का चेक दिया गया था।
पिछली सरकारों को निशाने पर लेते हुए मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने सेहत सुविधाओं का बहुत बुरा हाल कर दिया है, सरकारी अस्पतालों में मशीनें खराब पड़ी हैं और दवाइयां तक नहीं है। इन अस्पतालों का सुधार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications