पंजाब सरकार को धमका रहे हैं रवनीत बिट्टू: आप
कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले रवनीत बिट्टू पर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोला है।
आम आदमी पार्टी पंजाब की ओर से रवनीत बिट्टू पर निशाना साधते हुए कहा गया है कि भाजपा में शामिल होने के बाद रवनीत बिट्टू दिल्ली की सरकार और पंजाब की सरकार को धमका रहे हैं। आखिर किस तरह से गिरगिट रंग बदलता है यह उसका जबरदस्त उदाहरण है। ये मौकापरस्त नेता गिरगिट की तरह अपना रंग बदल रहे हैं।
भाजपा का सिर्फ एक ही एजेंडा है, सत्ता में किसी भी तरह से आइए, फिर इसके लिए कुछ भी करना पड़े। भाजपा सत्ता में आने के लिए कुछ भी करती है फिर चाहे जनता इन्हें चुने या ना चुने। इतिहास इस बात का गवाह है कि पंजाब और पंजाब के लोगों ने कभी भी इस तरह की सत्ता के सामने घुटने नहीं टेके हैं।

हम कभी भी उन लोगों को स्वीकार नहीं करेंगे जिन्होंने एमएसपी के मुद्दे पर किसानों के साथ धोखा किया, किसानों पर गोलियां चलाईं। भाजपा का समर्थन करना भारत के लोकतंत्र के लिए खतरा है। रवनीत सिंह बिट्टू का पूरी तरह से खुलासा हो चुका है।
गौर करने वाली बात है कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेता पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। दोनों के भाजपा में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया है कि इतिहास गवाह है पंजाब में जिस जिस ने भाजपा के आगे घुटने टेके, उसका पंजाब की जनता ने सूपड़ा साफ कर दिया। इंदर अटवाल भाजपा में शामिल हुए, जालंधर से उपुचनाव हार गए। ऐसे में सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल का भी इसी तरह से सूपड़ा साफ होना तय है।












Click it and Unblock the Notifications