'उनको चुनकर गलती कर दी', पाकिस्तान पर सनी देओल का बयान, क्यों भड़की गुरदासपुर की जनता?
बॉलीवुड एक्टर सनी देओल अपनी आने वाली फिल्म गदर-2 के प्रमोशन में लगे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान और भारत के संबंध पर एक अहम बयान दिया। वो पंजाब के गुरदासपुर से सांसद भी हैं, ऐसे में जब वहां की जनता से सनी देओल के बयान पर राय पूछी गई, तो वो काफी नाराज नजर आई।
दरअसल फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर सनी देओल ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की जनता झगड़ा नहीं चाहती है। दोनों तरफ एक जैसे लोग ही रहते हैं, लेकिन राजनीतिक ताकतें ही नफरत पैदा करती हैं। उनकी फिल्म में इंसानियत की बात की गई है।

वहीं उनके इस बयान से गुरदासपुर की जनता काफी नाराज है। उनका कहना है कि वो कभी भी अपने निर्वाचन क्षेत्र का हाल जानने नहीं आए। अब वो अंतरराष्ट्रीय संबंध की बात कर रहे, पहले उन्हें अपने लोगों का हाल जानना चाहिए। उन्होंने लोकसभा में भी कभी गुरदासपुर का कोई भी मुद्दा नहीं उठाया।
एक अन्य शख्स ने कहा कि गुरदासपुर में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सनी कभी यहां नहीं आते। ऐसे बयान देने से पहले, उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए किए गए काम पर बोलना चाहिए। उनको हमने चुनकर गलती कर दी।
2019 से हैं सांसद
आपको बता दें कि पहले विनोद खन्ना गुरदासपुर से लोकसभा में प्रतिनिधित्व करते थे, लेकिन 2017 में उनका निधन हो गया। इसके बाद कांग्रेस ने सुनील जाखड़ ने उपचुनाव जीता। फिर 2019 में सनी देओल ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
लगे थे लापता होने के पोस्टर
कुछ महीने पहले गुरदासपुर के लोग इतने नाराज हो गए थे कि उन्होंने कई जगहों पर 'सनी देओल लापता' के पोस्टर लगाए थे। कुछ युवकों ने तो पठानकोट रेलवे स्टेशन पर भी उसको चिपका दिया था। उनका आरोप था कि सांसद ना कभी क्षेत्र में आते हैं और ना ही कोई विकास कार्य करवाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications