पंजाब में केजरीवाल को 'बाहरी' कहने वाले सिद्धू ने दी AAP को जीत की बधाई, कांग्रेस की हार पर क्या कहा?
चंडीगढ़, मार्च 10। पंजाब में कांग्रेस पार्टी के हाथों से सत्ता जाती हुई दिख रही है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के अभी तक के जो रूझान सामने आए हैं, उनमें आम आदमी पार्टी पंजाब में सरकार बना रही है। इतना ही कांग्रेस, शिरोमणी अकाली दल और बीजेपी गठबंधन के कई बड़े नेता या तो चुनाव हार गए हैं या फिर अभी पीछे चल रहे हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीट अमृतसर ईस्ट से पीछे चल रहे हैं। इस बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी को जीत की बधाई दी है।

सिद्धू ने कांग्रेस की हार को किया स्वीकार
पंजाब चुनाव के नतीजों को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर कहा है, "जनता की आवाज ही भगवान की आवाज होती है, पंजाब के लोगों ने जो जनादेश दिया है, वो विनम्रतापूर्वक स्वीकार है और आम आदमी पार्टी को जीत की बधाई।" आपको बता दें कि खुद नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीट अमृतसर ईस्ट सीट से काफी पीछे चल रहे हैं। इस सीट से आम आदमी पार्टी की जीवन ज्योत कौर सिद्धू से करीब 5 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं तीसरे स्थान पर शिरोमणी अकाली दल के बिक्रम मजीठिया हैं।
The voice of the people is the voice of God …. Humbly accept the mandate of the people of Punjab …. Congratulations to Aap !!!
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) March 10, 2022
सिद्धू ने केजरीवाल को बताया बाहरी
आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में कांग्रेस की जीत के बड़े-बड़े दावे किए थे। यहां तक कि सिद्धू ने केजरीवाल को बाहरी नेता बताया था। सिद्धू ने कहा था कि पंजाब के लोग बाहरियों को मौका नहीं देंगे। हालांकि बीच में खबरें ये भी आई थी कि सिद्धू आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इन अटकलों को सिद्धू ने सिरे से खारिज कर दिया था और कहा था कि आप के नेताओं ने तो मुझ पर डोरे डाले हैं, लेकिन मैं ही नहीं गया।
पंजाब में दिग्गज नेता हारे चुनाव
आपको बता दें कि पंजाब में कांग्रेस के अलावा भी अन्य दलों के बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। इनमें सबसे पहला नाम पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का है, जो पटियाला सीट से करीब 17 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह को आम आदमी पार्टी के अजित पाल सिंह कोहली ने मात दी है। कैप्टन के अलावा शिरोमणी अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल और प्रकाश सिंह बादल भी चुनाव हार गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications