इस्तीफा देने के डेढ़ महीने बाद सिद्धू ने फिर संभाला PPCC का अध्यक्ष पद, बोले- जनता हमारे काम का आंकलन करेगी
चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद (पीपीसीसी) से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू डेढ़ माह बाद फिर उसी पद पर काबिज हो गए। पीपीसीसी का कामकाज संभालने के बाद सिद्धू ने कहा कि, अब पंजाब की जनता को जल्द ही रोडमैप दे दिया जाएगा। चूंकि जनता हमारे काम का आंकलन करेगी न कि हमारी बातों का। एक महीने में जनता को कांग्रेस की ताकत दिखा देंगे। सिद्धू बोले कि, हमें यहां सरकार बनानी है, लेकिन सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बदलने के लिए।

सियासत में दो पहलू होते हैं: सिद्धू
सिद्धू ने कहा कि, सियासत में दो पहलू होते हैं- सत्ता ढकोसलों से भी हासिल हो सकती है। और... सत्ता भ्रम और मायाजाल से भी मिल सकती है, लेकिन मैं मानता हूं कि अगर लोगों की जिंदगी बदलनी है, तो हमें उनके टैक्स का पैसा विकास के रूप में लौटाना होगा। मसलन, पंजाब में प्रति व्यक्ति पूंजीगत खर्च 870 रुपए है। हम लोगों के लिए बहुत कुछ करेंगे।

'जिला अध्यक्षों की सूची तैयार है'
बता दें कि, सिद्धू ने सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी की अगुवाई में मंगलवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद (पीपीसीसी) को पुन: ग्रहण किया है। उन्होंने कहा है कि अब हमारी पार्टी के जिला अध्यक्षों की सूची तैयार है और इसे इसी हफ्ते जारी कर दिया जाएगा। सिद्धू ने डेढ़ माह पहले पंजाब में एडवोकेट जनरल और डीजीपी को बदलने की मांग पर अड़कर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। बताया जा रहा है कि, उनके दोबारा अध्यक्ष पद संभालने का रास्ता तब साफ हुआ जब, पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी के साथ चन्नी और सिद्धू की आधे घंटे बैठक हुई। जहां चन्नी ने सिद्धू को सरकार के खिलाफ बयानबाजी न करने को मनाया। सिद्धू ने चन्नी की बातें भी ध्यान से सुनीं।

'हम मेरिट के आधार पर प्रत्याशी चुनेंगे'
बतौर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, सिद्धू का कहना है कि, हमारी पार्टी में हम मेरिट के आधार पर प्रत्याशी चुनेंगे। उन्होंने कहा कि, इस बारे में इनकम का ठोस प्लान तैयार है। हमारे द्वारा मैरिट के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications