नवजोत सिद्धू ने बोला चन्नी सरकार पर हमला, भूख हड़ताल पर बैठने की धमकी
चंडीगढ़, 25 नवंबर: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही पार्टी की सरकार को निशाने पर लिया है। सिद्धू ने गुरुवार को कहा कि अगर राज्य की चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार नशीले पदार्थों और बेअदबी मामले की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करती है, तो वह सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल करेंगे। सिद्धू ने कहा कि ये ऐसे मामले हैं जिन पर रिपोर्ट जनता के बीच आनी चाहिए और चरणजीत सिंह चन्नी सरकार इस काम में देरी ना करे।

नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, दो महीने पहले ये सरकार जो कहकर बनी थी तो रिपोर्ट सबके सामने रखे। लाखों माताएं रो रही हैं, लाखों नौजवान सिरिंज लगाकर मर गए । मैं आज आपको कहता हूं, अगर यह रिपोर्ट पंजाब सरकार ने नहीं खोली तो नवजोत सिंह सिद्धू अपनी देह को दांव पर लगा देगा और आमरण अनशन पर चला जाएगा। यह पता चलना चाहिए कि पिछला मुख्यमंत्री साढ़े चार साल तक सोता क्यों रहा। सिद्धू ने आगे कहा, बेदअबी मामले पर भी हम सरकार से जवाब चाहते हैं। वह रिपोर्ट भी सामने आनी चाहिए। इस रिपोर्ट को भी अगर नहीं खोला गया तो मैं भूख हड़काल पर बैठूंगा।
Recommended Video
सिद्धू लगातार अपनी पार्टी और सरकार पर ही हमलावर
नवजोत सिद्धू की लगातार अपनी ही पार्टी की सरकार से बन नहीं रही है। 2017 में सिद्धू अमरिंदर सिंह की सरकार में मंत्री बने थे लेकिन उनकी अनबन हुई और वो मंत्रिमंडल से बाहर कर दिए गए। काफी दिन वो सक्रिय नहीं दिखे। खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने और अमरिंदर सिंह के हटने के बाद कुछ दिन सिद्धू खुश दिखे थे। अमरिंदर सिंह के बाद चरणजीत सिंह चन्नी सीएम बने हैं तो एक बार फिर सिद्धू अपनी ही सरकार के लिए मुश्किल खड़ी कर रहे हैं। अब उनकी मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के साथ अनबन की बात कही जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications