पंजाब सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अचानक मुख्य सचिव को हटाया
Punjab New Chief Secretary: भगवंत मान सरकार ने पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। पंजाब सरकार ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1992 बैच के IAS अधिकारी केएपी सिन्हा को नया मुख्य सचिव (Chief Secretary) नियुक्त किया है। उन्होंने वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग वर्मा की जगह ली है। राज्य सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
1992 बैच के अधिकारी हैं केएपी सिन्हा
पंजाब के नए मुख्य सचिव केएपी सिन्हा 1992 बैच के पंजाब कैडर के IAS अधिकारी हैं। वह इससे पहले राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन, कृषि एवं किसान कल्याण, बागवानी और मृदा एवं जल संरक्षण के विशेष मुख्य सचिव का प्रभार संभाल रहे थे। इससे पहले वह किसान कल्याण, बागवानी और मृदा एवं जल संरक्षण,राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन में विशेष मुख्य सचिव के तौर पर तैनात थे। वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग वर्मा अब अतिरिक्त मुख्य सचिव के समान विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने 1 जुलाई 2023 को मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया था।

सीएम मान लगातार एक्शन में हैं। इससे पूर्व उन्होंने अपने ओएसडी ओंकार सिंह को हटाया था। मान के मीडिया सलाहकार के रूप में डायरेक्टर मीडिया रिलेशन ओवरसीज के तौर पर कार्यरत बलतेज पन्नू ने आज इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ सोशल मीडिया के डायरेक्टर के पद पर तैनात मनप्रीत कौर ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों की मानें तो पंजाब में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर नौकरशाही में बड़ा बदलाव होने वाला है। दिल्ली हाई कमान से भी इसे लेकर मंथन जारी है।












Click it and Unblock the Notifications