जालंधर में 15 हजार लोगों के साथ भगवंत मान ने की 'CM की योगशाला' की शुरुआत, कहा- योग को बनाए जीवन का हिस्सा
CM ki Yogshala in Jalandhar: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को जालंधर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले 'सीएम की योगशाला' की शुरुआत की।
सीएम मान के साथ जालंधर के खेल मैदान में करीब 15 हजार लोगों ने योग किया। इस दौरान आप सांसद राघव चड्डा सहित कई मंत्रियों भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने योगशाला में मौजूद लोगों को संबोधित करते कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रम से सेहत के लिए समय निकाले, स्वस्थ रहेंगे तो पॉजिटिव रहेंगे। मेरा मकसद है कि मेरा पंजाब सेहतमंद रहे।
इसी के साथ सीएम की योगशाला को लेकर मान ने कहा कि दिल्ली में भी अरविंद केजरीवाल ने इसकी शुरुआत की, लेकिन वहां के उपराज्यपाल ने इसे बंद करवा दिया। पीली पगड़ी और योग टी-शर्ट पहने मान ने कहा कि योग कार्यक्रम में शामिल होने से उन्हें ऊर्जा और शक्ति मिली है।
उन्होंने योग को तनाव के लिए रामबाण बताते हुए कहा, "हम चाहते हैं कि हमारा पंजाब स्वस्थ रहे, लोग सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपना काम करें, सुबह जल्दी उठकर योग करने से आप दिन भर ऊर्जा से भरपूर रहते हैं। इसलिए बनाएं योग आपके जीवन का हिस्सा है।"
वहीं सीएम मान ने आगे कहा कि अगर आपके मोहल्ले में 25 लोग एक साथ योगा करना चाहते हैं तो सरकार को 7669400500 नंबर पर मिस्ड कॉल करें, आपके पास योगा ट्रेनर मुफ्त मिलेगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री मान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ 6 अप्रैल को पटियाला में "सीएम दी योगशाला" अभियान की शुरुआत की। इसके तहत शहरवासियों को योग और ध्यान की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications