शादी में सज-धजकर घूम रहा था 10 साल का बच्चा, मौका मिलते ही दुल्हन की मां के 3 लाख और गहनों से भरा पर्स ले भागा
गढ़शंकर। पंजाब में एक शादी-समारोह के दौरान दुल्हन की मां का 3 लाख रुपए व डेढ़ लाख के गहनों से भरा पर्स एक बच्चा चुराकर ले भागा। वह लगभग 10 साल का था। उसकी करतूतें कैमरों में कैद हो गई हैं और चेहरा भी नजर आ रहा है। मैरिज पैलेस में लगे सीसीटीवी की फुटेज व वीडियोग्राफी में दिख रहा है कि, बच्चा वहां सज-धजकर घूम रहा था। फिर मौका मिलते ही दुल्हन की मां के 3 लाख और गहनों से भरा पर्स ले भागा।

यह घटना गढ़शंकर-होशियारपुर मार्ग पर स्थित गांव गोलियां के पास ग्रैंड मैनोर पैलेस में 20 अक्टूबर को आयाेजित शादी समारोह की है। पुलिस ने घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सविता रानी पत्नी राम लुभाया निवासी आनंद नगर, गढ़शंकर ने बताया कि, उनकी बेटी का शादी-समारोह ग्रैंउ मैनोर पैलेस में था। जिसमें खूब सारे लोग शामिल हुए। वहीं, सविता के पास जो पर्स था, उसमें करीब 3 लाख रुपए नकदी और करीब डेढ़ लाख कीमत के गहने रखे हुए थे।
जिस वक्त शादी हो रही थी, तब पर्स में शगुन की नकदी भी थी। सविता ने पर्स एक साइड पर रखा था। कुछ ही देर बाद उन्हें वहां पर्स नहीं दिखा। बाद में सीसीटीवी की फुटेज व वीडियोग्राफी देखी गई तो एक बच्चा नजर आया। बहरहाल, पुलिस ने सविता के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा-454 और 380 के तहत मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ गढ़शंकर इकबाल सिंह ने बताया कि, जो बच्चा सीसीटीवी फुटेज व वीडियोग्राफी में दिख रहा है..उसे खोजा जा रहा है। घटना के वक्त महिला सोफे से रिश्तेदारों से मिलने के लिए खड़ी हुई थी। तभी वेल ड्रेस बच्चा तेजी से वहां पहुंचा और पर्स उठाकर पैलेस से बाहर की ओर भाग गया।












Click it and Unblock the Notifications