पार्टी में बगावत पर सोनिया से बोले अमरिंदर, अपमान हुआ तो दे दूंगा इस्तीफा- सूत्र
चंडीगढ़, 18 सितंबर: पंजाब कांग्रेस में चल रही आपसी कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे की खबरें जोर पकड़ रही है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक सीएलपी की बैठक से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज दोपहर 2 बजे पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है।

सूत्रों के अनुसार पंजाब में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक से पहले पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को इस्तीफा देने के लिए कहा है। वहीं सूत्रों ने यह भी कहा कि अमरिंदर ने आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात की और उन्हें बताया कि उन्हें अपमानित किया जा रहा है और इसके बजाय वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे। ऐसे में शाम को होने वाली विधायक दल की बैठक से पंजाब से बड़ी खबर आ सकती है। आलाकमान ने विधायक दल की बैठक बुलाई है।
अंदरखाने से खबर आ रही है कि करीब 55 विधायक कैप्टन के खिलाफ हैं। हालांकि जब इससे पहले पंजाब की कैप्टन सरकार में लंबा घमासान चल रहा था तो दिल्ली से आई टीम ने उसको शांत करने के लिए पूरा प्रयास किया था। इससे पहले भी विधायकों ने कैप्टन को हटाने के लिए एका दिया था, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने ऐसा कदम उठाने से साफ मना कर दिया था, लेकिन यह सियासी बवाल शांत नहीं हुआ और विधायकों की बयानबाजी लगातार जारी रही।
वहीं अब सूत्रों के मुताबिक शाम को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक से पहले पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से इस्तीफा देने के लिए कहा है। सूत्रों के अनुसार पूर्व पीसीसी अध्यक्ष सुनील जाखड़, जो कभी मुख्यमंत्री के सहयोगी थे, मुख्यमंत्री पद के लिए उनके सहित कई नामों पर विचार किया जा रहा है।
दरअसल इस सियासी बवाल के बीच सोनिया गांधी और अमरिंदर सिंह के बीच टेलीफोन पर बातचीत के दो अलग-अलग वर्जन सामने आए हैं। पहले सूत्र की मानें तो सोनिया ने उन्हें सुबह फोन किया और पार्टी की इच्छा के बारे में बताया। जिसमें जल्द ही अपना इस्तीफा सौंपने की संभावना है। वहीं एक अन्य सूत्र ने कहा कि कैप्टन ने सोनिया से कहा है कि वह पार्टी छोड़ देंगे।












Click it and Unblock the Notifications