चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तैयारियों में BJP ने सियासी दलों को छोड़ा पीछे, बनाई ये रणनीति
नगर निगम चुनाव के रण में उतरने के लिए भारतीय जनता पार्टी कमर कस चुकी है। चुनावी तैयारियों के मद्देनज़र चंडीगढ़ भाजपा अध्य अरुण सूद ने दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ मंथन कर बुधवार को 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
चंडीगढ़, 2 दिसम्बर 2021। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के रण में उतरने के लिए भारतीय जनता पार्टी कमर कस चुकी है। चुनावी तैयारियों के मद्देनज़र चंडीगढ़ भाजपा अध्य अरुण सूद ने दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ मंथन कर बुधवार को 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी को लेकर काम और बेदाग छवि के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया है। इस बाबत चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद,नगर निगम चुनाव प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव विनोद श्रीधर तावड़े और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन ने चुनाव समीति के सदस्यों के साथ दिल्ली में बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की है।

उम्मीदवारों की पहली सूची जारी
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के अध्यक्ष अरुण सूद ने उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया के बारे में ज़िक्र करते हुए बताया कि हर वार्ड से मंडल के पदाधिकारियों ने उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया है। इसके बाद जिला अध्यक्षों, महामंत्रियों, पूर्व जिला अध्यक्षों, स्टेट के पदाधिकारियों ने उम्मीदवारों की स्क्रूटनी की है। अरुण सूद ने बताया कि पार्टी ने कई दौर के उम्मीदवारों के सर्वे किया, जिसमें स्थानीय और राष्ट्रीय नेतृत्व भी शामिल थे। सभी सिफारिशों के बाद राष्ट्रीय पार्टी हाईकमान की मंज़ूरी के बाद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई।

आलाकमान के साथ हुई बैठक
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि उम्मीदवारों की सूची जारी करने के लिए चुनाव समीति में राष्ट्रीय महामंत्री तथा नगर निगम चुनावों के प्रभारी विनोद श्रीधर तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, चुनाव सह प्रभारी और सांसद इंदु बाला गोस्वामी, चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, महामंत्री चन्द्रशेखर और रामबीर भट्टी, महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुनीता धवन, आशा जसवाल और एससी मोर्चा के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शामिल थे। भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि लोकतंत्र और विकास की इस मुहिम को जारी रखने के लिए भाजपा जनता के पास जाकर इस प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है।

'चंडीगढ़ को बनाएंगे विश्वस्तरीय शहर'
अरुण सूद ने कहा कि हमारा विज़न है कि अगले 5 सालों में चंडीगढ़ को न सिर्फ़ देश का नंबर 1 शहर बनाएं बल्कि इसे एक विश्व स्तर का शहर बनाएं। इसी का रोडमैप बनाने के लिए लिए प्रदेश भाजपा द्वारा चंडीगढ़ का सबसे बड़ा जन भागीदारी अभियान "आपका चंडीगढ़, आपका सुझाव" अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत चंडीगढ़ के सभी लोगों को अपने सुझावों/आकांक्षाओं को भाजपा के साथ साझा करने के लिए आमंत्रित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा| इन सभी सुझावों व आकांक्षाओं के आधार पर भाजपा 2021 नगर निगम चुनावों के लिए विज़न डॉक्यूमेंट (संकल्प पत्र) तैयार कर रही है।

प्रमुख जगहों पर रखी जा रही सुझाव पेटी
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि हर मोहल्ले में प्रमुख जगह पर सुझाव पेटी रखी जा रही है जिनमें जनता अपना सुझाव लिख कर जमा कर कर रही है। लोग मिस्ड कॉल देकर भी अपने सुझाव रिकॉर्डिंग के ज़रिए से दे रहे हैं। वेबसाइट पर जाकर भी सुझाव दर्ज किये जा सकते है। इसके अलावा भाजपा के कार्यकर्ता चंडीगढ़ के विभिन्न समूहों के साथ चर्चा करेंगे और उनके सुझाव एकत्रित करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को चैलेंज करते हुए कहा कि पिछले नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 20 सीटें जीती थीं। लेकिन इस बार 35 में से 35 वार्ड पर भाजपा जीत का परचम लहराएगी।
ये भी पढ़ें: कृषि कानून वापसी के ऐलान के बाद पंजाब में बदल रहे हैं सियासी समीकरण, राजनीतिक दलों की बढ़ी मुश्किलें












Click it and Unblock the Notifications