CM मान बोले- पंजाब में गैंगस्टर मैं लेकर नहीं आया, मगर कह दे रहा हूं कि इनका सफाया करूंगा
पंजाब के CM मान ने खाई गैंगस्टर का सफाया करने की कसम, जानिए क्या बोले?
संगरूर। पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूबे में गैंगस्टरों का सफाया करने की कसम खाई है। गैंगस्टरों की सक्रियता पर बात कहते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि, सूबे में गैंगस्टरों को मैं नहीं लेकर आया। यहां हमसे पहले जिन लोगों की सरकारें रहीं, उन्होंने गैंगस्टरों को संरक्षण दिया। जिनका इस्तेमाल राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए किया गया। मगर..मैं कह रहा हूं कि हम उन सरकारों जैसे नहीं हैं। हम लोगों को विश्वास दिलाते हैं कि पंजाब से अपराध और अपराधियों को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आप की सरकार के लोक-हितैषी कामों को विपक्षी नहीं पचा पा रहे हैं। जो काम 75 वर्षों में नहीं हुए, वे आप सरकार ने तीन माह में पूरा करके दिखाए हैं। संगरूर के लोग भरोसा रखें। उनका हर फैसला लोगों के हित में होगा। भगवंत मान ने संगरूर लोस उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी सरपंच गुरमेल सिंह के पक्ष में दूसरे दिन रोड शो किया। दिड़बा से शुरू हुआ उनका रोड शो खनौरी, लहरा, छाजली, जखेपल, चीमां, लौंगोवाल, सुनाम में जाकर संपन्न हुआ। उन्होंने एक दिन में संगरूर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत लहरा, दिड़बा और सुनाम विधानसभा हलकों को कवर किया। इससे पहले उन्होंने बरनाला जिले के हलके कवर किए थे। विभिन्न स्थानों पर लोगों को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि, शिअद (ब) पंथक कार्ड खेलकर वोट मांग रहा है, मगर बतौर सांसद सुखबीर बादल व हरसिमरत बादल ने कभी भी बंदी सिखों की रिहाई के लिए आवाज नहीं उठाई, जबकि केन्द्र में उनकी तत्कालीन सहयोगी भाजपा की सरकार रही है।

मान ने कहा कि कलम की ताकत हमेशा तलवार से अधिक शक्तिशाली होती है। विपक्षी दल भाजपा उम्मीदवार के केवल सिंह ढिल्लों की ओर से हलके में हवाई अड्डा लाने के वादे पर मान ने कहा कि, यहां ढिल्लों का कोई स्टैंड नहीं है। इन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है, परंतु अब भी जैकेट कांग्रेस की डाल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications