स्वर्ण मंदिर में गुरु ग्रंथ साहिब को अपवित्र करने की कोशिश करने वाले शख्स की मौत: पुलिस
चंडीगढ़, 18 दिसंबर। पंजाब की अमृतसर पुलिस के डीसीपी परमिंदर सिंह ने शनिवार को बताया कि श्री हरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा (गोल्डन टेम्पल) में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब को अपवित्र करने का प्रयास करने वाले अमन की मृत्यु हो गई है। पंजाब के गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी कथित तौर पर गोल्डन टेम्पल (स्वर्ण मंदिर) में प्रवेश करने वाले शख्स की मौत की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार युवक अचानक से ग्रिल के ऊपर से कूद गया और ग्रंथ साहिब के पास पहुंच गया, जहां सिर्फ ग्रंथी सिंह को बैठने की अनुमति है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में बेअदबी की कोशिश की निंदा की और राज्य पुलिस को 'मामले की पूरी जांच करने और असली साजिशकर्ताओं को खोजने' का निर्देश दिया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक के मुताबिक शनिवार शाम मृत शख्स ने स्वर्ण मंदिर में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने की कोशिश की। आरोप है कि युवक ने स्वर्ण मंदिर में सचखंड साहिब के अंदर बने जंगले को पार कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान करने का प्रयास किया। आरोपी शख्स ने वहां रखी कृपाण (तलवार) को भी हाथ में उठा लिया था। इस दौरान मौके पर मौजूद सेवा दलों ने उसे पकड़ लिया। बता दें कि पिछले चार दिनों में यह दूसरी घटना है जब सिख समुदाय के पवित्र ग्रंथ को अपवित्र करने की कोशिश की गई।
यह भी पढ़ें: Pics: हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में हुई ताजा बर्फबारी, शीतलहर की चपेट में आएंगे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब
इससे पहले स्वर्ण मंदिर में ही कथित रूप से एक शख्स ने सरोवर में पवित्र गुरबानी की एक पुस्तिका को फेंकने की कोशिश की थी। हालांकि उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार की घटना के आरोपी अमन को कथित रूप से स्वर्ण मंदिर में मौजूद क्रोधित संगतों और सेवादारों ने उसे पकड़कर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। चश्मदीदों का कहना है आरोपी संगत की कतार में अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा था। जब वह करीब पहुंचा तो सचखंड साहिब के अंदर लगाए गए जंगले पर से छलांग लगा दी। वो गुरु ग्रंथ साहिब से बेअदबी कर पाता उससे पहले ही उसे सेवादारों ने पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications