आम आदमी पार्टी ने पंजाब सरकार से ट्रांसपोर्ट चालकों को वित्तीय सहायता देने की मांग की
चंडीगढ़, 7 मई। पंजाब में 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही आम आदमी पार्टी ने राज्य में ट्रांसपोर्ट विंग की कुछ मांगों का मुद्दा राज्य सरकार के सामने उठाया है। दरअसल, आम आदमी पार्टी की विधायक बलजिन्दर कौर और ट्रांसपोर्ट विंग के प्रदेश प्रधान दलबीर सिंह टोंग ने ट्रांसपोर्ट चालकों और सम्बंधित कर्मियों की वित्तीय सहायता की मांग उठाई है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कोरोना महामारी के दौरान इनकी अनदेखी का आरोप लगाया है। आप नेताओं ने मांग की है कि पंजाब में कांग्रेस भी दिल्ली की केजरीवाल सरकार की तर्ज पर ट्रांसपोर्ट सेवाओं से जुड़े लोगों को तुरंत पांच-पांच हजार रुपए की आर्थिक मदद मुहैया कराए।

सरकार ने लोगों को बेरोजगारी की ओर धकेला
आप नेताओं का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान पंजाब की कांग्रेस सरकार ने ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, ड्राइवरों और खच्चर रेहड़ी चालकों को कोई राहत नहीं दी। इसके ऊपर से राज्य सरकार द्वारा इनपर लगाईं पाबंदियों ने उनको बेरोजगार की तरफ धकेल दिया है। इस संबंध में गुरुवार को आप की मुख्य दफ्तर से एक बयान जारी किया गया
यातयात कारोबारियों की रोजी रोटी पर संकट: बलजिंदर कौर
बयान में बलजिंदर कौर और दलबीर सिंह टोंग ने कहा, 'मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पाबंदियां लगाने से पहले कोई विशेष तैयारी नहीं की। यातायात बंद होने के कारण ट्रांसपोर्ट कारोबार ठप्प हो गया है। इस कारण इससे जुड़े लोगों की रोजी रोटी कमाना मुश्किल हो गया है। बलजिंदर ने सवाल उठाया कि सरकार ने पाबंदिया लगाईं लेकिन कारोबारियों को आर्थिक राहत देने की कोई व्यवस्था क्यों नहीं की?
'शराब की दुकानों पर भीड़ और वाहनों में सवारी की संख्या सीमित'
वहीं, दलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने बैंक, सरकारी दफ्तर के साथ शराब की दुकानों को खोलने की इजाजत दी है, जहां बड़ी संख्या में लोग इक्कठा होते हैं। जबकि, यातायात वाहनों में सवारियां बिठाने की संख्या सीमित कर दी है, ऐसे में वाहन चालकों को बहुत नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन नुकसान की भरपाई के लिए सरकार के पास क्या योजना है? आप नेताओं ने इसके साथ ही कैप्टन सरकार को दिल्ली सरकार से सबक लेने की भी नसीहत दी और यातायात कारोबार से जुड़े लोगों को वित्तीय सहायता देने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications