भगवंत मान के पंजाब का CM बनने पर क्या बोले PM मोदी?
खटकड़ कलां (पंजाब)। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। मोदी ने उनसे पंजाब के भविष्य के लिए मिलकर काम करने की बात भी कही है। मोदी बोले- "भगवंत मान जी, नए सीएम के रूप में शपथ लेने के लिए आपको बधाइयां। अब हम पंजाब के विकास और लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करेंगे।"

मोदी ने इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को भी बधाई दी थी। मोदी ने केजरीवाल को पंजाब में जीत मिलने पर कहा था कि, ये जनादेश मिलने की आपको बधाई। पंजाब में आपकी सरकार को केंद्र हरसंभव मदद करेगा। इस पर केजरीवाल ने भी 'थैंक्यू सर' कहा।

वहीं, जब आज भगवंत मान ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में स्पीच दी तो लोग तालियां बजा-बजाकर जश्न मना रहे थे। मान ने कहा कि, हम पंजाब में सेवा करने के लिए आए हैं। हमें सत्ता का अहंकार नहीं होगा। हम सरदार भगतसिंह के अनुयायी हैं..वो हमारे आदर्श हैं। हम उनका अनुसरण करते हैं। हम दूसरों की तरह नहीं हैं, जहां शहीदों को सिर्फ कुछ ही तारीख में याद किया जाता है। मैं पूछता हूं कि, शहीदों को सिर्फ कुछ ही तारीख में क्यों याद किया जाता है? हमें हर रोज उनके बताए रास्तों पर चलना चाहिए।

मान ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को कहा कि, हमें अहंकार बिल्कुल नहीं करना है। उन्होंने कहा कि, मुझे इस तरह की खबर नहीं आनी चाहिए। इस दौरान मान ने केजरीवाल की तारीफ की और उनके लिए तालियां भी बजवाईं।

शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ ग्रहण समारोह किए जाने की अब हर ओर चर्चा हो रही है। हालांकि, इसकी भी कई वजह हैं। एक यह कि, यहीं से पंजाब के सफल कॉमेडियन रहे भगंवत मान ने 2011 में सियासी सफर शुरू किया था। आज इसी जगह पर, भगवंत मान की अपील के चलते उनके समर्थक बसंती रंग की पगड़ी और दुपट्टा ओढ़कर समारोह में पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications