हिस्ट्रीशीटर के भांजे ने खुलेआम यूपी के कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हिस्ट्रीशीटर सभापति यादव के भांजे चंदन यादव ने खुलेआम योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को जान से मारने की धमकी दे डाली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामला दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें चंदन यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

फरार चल रहा है हिस्ट्रीशीटर सभापति यादव
प्रतापगढ़ के टॉप टेन अपराधियों में शामिल सभापति यादव की पत्नी देवसरा की ब्लॉक प्रमुख है। जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले देवसरा ब्लॉक के बींद गांव में सभापति यादव अपने कई समर्थकों के साथ पहुंचा था। पुलिस ने उसे रोकना चाहा तो वह भिड़ गया और फायर करते हुए भागने लगा। पुलिस ने सभापति के दो समर्थकों को असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सभापति, उसके भाई और जिला पंचायत सदस्य सुभाष यादव समेत 20-25 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा करने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से सभापति फरार चल रहा है। पुलिस को उसकी तलाश है। सभापति और उसके भाई पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।
भांजे ने कैबिनेट मंत्री को दी जान से मारने की धमकी
मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें सभापति यादव का भांजा चंदन यादव भीड़ के सामने खुलेआम कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को जान से मारने की धमकी दे रहा है। वीडियो चंदन यादव कहता सुनाई दे रहा है कि अगर उसके मामा को कुछ हुआ तो वह एनकाउंटर कर देगा। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने चंदन के खिलाफ आसपुर देवसरा थाने में आईटी एक्ट, धमकी देने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications