पटनाः ट्रॉली में लदे बालू पर सो रहे तीन मजदूरों की मौत, घटना को लेकर पुलिस कर रही है जांच
पटना। बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र के गुल्लीटाड़ गांव में स्थित निर्माणाधीन पेट्रोलपंप के पास बुधवार की देर रात को हादसा हो गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। बुधवार रात करीब 2 बजे ट्रैक्टर बालू अनलोड करने आया था। बालू के ऊपर तीनों मजदूर सोए हुए थे, तभी हादसा हुआ। स्थानीय लोग मौत का कारण अलग-अलग बता रहे हैं।

कुछ लोगों का कहना है कि बालू डंप करने के दौरान ड्राइवर ने सो रहे मजदूरों को भी गड्ढे में डंप कर दिया। इसमें दबने से तीनों की मौत हुई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर बैक करने के दौरान ट्रॉली गड्ढे में पलट गया, जिसमें दबने से तीनों की मौत हुई। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से बालू के नीचे दबे तीनों शवों को बाहर निकला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पालीगंज पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया प्रतीत होता है कि बालू के नीचे दबने से तीनों की मौत हुई। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
साथ ही पुलिस ने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृतकों की पहचान पालीगंज थाना क्षेत्र के अंकुरी गांव निवासी 20 वर्षीय दीपक कुमार, 18 वर्षीय सुबोध कुमारऔर 19 वर्षीय नौतिक कुमार के रूप में हुई है। ये तीनों बालू अनलोड करने का ही काम करते थे। पुलिस ने मृतकों के घरवाले को सूचना दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications