प्रशांत किशोर ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- उनका मूड बताने के लिए अब हमारे पास ट्रंप हैं!
पटना। भारत और चीन के बीच सीमा पर चल रहे तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूड ठीक न होने वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने ट्वीट करते हुए निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि भारत सच में वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच बना चुका है क्योंकि अब अमेरिका के राष्ट्रपति दुनिया के बता रहे हैं कि हमारे प्रधानमंत्री का मिजाज कैसा है?

प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया- अब हम सबको हर चिंता भुला देनी चाहिए क्योंकि ऐसा लग रहा है कि भारत सच में वैश्विक मंच पर पहुंच चुका है। हमारे प्रधानमंत्री के मिजाज के बारे में दुनिया को जानकारी देने के लिए हमारे पास अमेरिका के राष्ट्रपति हैं।
क्या राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से बात की?
भारत-चीन तनाव के मसले पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बातचीत होने के दावे को भारत सरकार ने खारिज कर दिया है। सरकार ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कोई वार्ता नहीं हुई है। राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच आखिरी बातचीत 4 अप्रैल को हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के मामले पर हुई थी।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा था?
अमेरिका के व्हाइट हाउस में जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक पत्रकार ने भारत और चीन के बीच सीमा पर चल रहे तनाव के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि दो ताकतवर देशों के बीच यह विवाद है और भारत इससे खुश नहीं है। संभवत: चीन भी इस विवाद से खुश नहीं है। चीन के साथ चल रहे तनाव पर मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की, उनका मूड ठीक नहीं है।
27 मई को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर भारत और चीन के बीच मध्यस्थता करने की इच्छा जताई थी जिसके बाद भारत ने कहा था कि चीन के साथ चल रही इस समस्या का समाधान शांतिपूर्वक तरीके से निकालना चाहता है। चीन ने भी बातचीत के जरिए हल निकालने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications