नीतीश कुमार बोले भाजपा ने झारखंड की तोड़ी परंपरा
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा झारखंड में गैर-जनजातीय समुदाय के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा को झारखंड की परंपरा तोड़ने वाला बताया है। उन्होंने भाजपा पर समाज तोड़ने का भी आरोप लगाया।

पटना में शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, "जब से झारखंड अलग राज्य बना है, तब से वहां एक परंपरा के अनुसार जनजातीय परिवार से आने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जाता रहा है, परंतु भाजपा ने इस परंपरा को आज तोड़ दिया। इसका मतलब है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गटबंधन (राजग) को जनजातियों पर भरोसा नहीं है।"
उन्होंने कहा "गैर-जनजातीय समुदाय के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद झारखंड के मूलवासी एक बार फिर असहज महसूस करेंगे और इससे एक बार फिर अंतर्विरोध शुरू होगा।" उल्लेखनीय है कि भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने शुक्रवार को रघुबर दास को विधायक दल का नेता चुना है, जो गैर-जनजातीय समुदाय से आते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications