बिहार: बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत, CM नीतीश कुमार ने मृतक आश्रितों को दी चार-चार लाख देने की घोषणा
पटना। बिहार के सारण, जमुई और भोजपुर में वज्रपात 12 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा सारण में एक झोपड़ी के पास बिजली गिरने से उसमें छिपे 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बाप-बेटे भी शामिल हैं। मृतकों की संख्या अभी बढ़ भी सकती है। इसके अलावा जमुई में दो और भोजपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खलपुरा और मखदूम गंज के बीच दियारे में रविवार की सुबह एक झोपड़ी के पास ठनका गिरने से उसमें छिपे 9 लोगों की मौत हो गई जिसमें बाप- बेटे भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग जमीन की मापी कराने और कुछ लोग परवल का खेत देखने गए थे। अचानक तेज बारिश शुरू हो गई थी। इस दौरान सभी लोग एक झोपड़ी में छिप गए। तभी झोपड़ी के पास वज्रपात हो गया और सभी लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राम इकबाल सिंह ने भी 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस बार हुए वज्रपात की तीव्रता काफी अधिक थी। लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में थे इस कारण ऐसी तीव्रता वाले वज्रपात से संभवतः क्षति कम हुई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। मुख्यमंत्री ने अपील करते हुये कहा कि लोग धैर्य रखें, सचेत रहें, सतर्क रहें, तभी स्वस्थ रहेंगे। लोग लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए घरों में रहें और सुरक्षित रहें।












Click it and Unblock the Notifications