खाने में अंडा बनाना पत्नी को पड़ा महंगा, पति ने दिया तीन तलाक
Recommended Video

बांका। बिहार के बांका में तीन तलाक की बेहद हैरान कर देने वाली वजह सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी को महज इसलिए तीन तलाक दे दिया क्योंकि उसने खाने में अंडा बना लिया। पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ पंजवारा थाना में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष मुरलीधर साह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला
केंद्र सरकार द्वारा तीन तलाक के विरुद्ध कानून बना दिए जाने के बाद भी तीन तलाक की घटना सामने आ रही है और महिलाओं को प्रताड़ित होना पड़ रहा है। बांका के पंजवारा थाना क्षेत्र के बेगपुर गांव में पति ने अपनी पत्नी को इसलिए तलाक दे दिया कि उसने सब्जी रहते हुए खाने में अंडा बना लिया था।

पति ने फोन पर दिया तीन तलाक
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने खाने में अंडा बनाया था। इसको लेकर उसके साथ ससुर और ननद ने उसे खरी-खोटी सुनाते हुए दिल्ली में रह रहे उसके पति को झूठी बातें बता दीं। पति ने मां-बाप की बात सुनते ही फोन पर ही पत्नी को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद ससुर ने उसे धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही दुमका जिले के सरैयाहाट निवासी मोहम्मद हलीम अंसारी बेटी के ससुराल पहुंचे और पंचायत बुलाई, लेकिन ससुरालवालों ने पंचायत का फैसला मानने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने अपने पति मोहम्मद इस्तखार के खिलाफ पंजवारा थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष मुरलीधर साह ने बताया कि तीन तलाक का मामला सामने आया और इसकी जांच की जा रही।












Click it and Unblock the Notifications