लालू यादव का शक आधा सही, 10 लाख के नकली नोट बरामद
पटना (मुकुंद सिंह)। बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के ठीक बाद लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि कुछ पार्टियां नेपाल से नकली नोट लाकर यहां बांटेंगे। उन्होंने जनता से सावधान रहने को भी कहा था। खैर लालू यादव का आधा शक सही निकला है। पश्चिमी चंपारण से 10 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए हैं।
पढ़ें- बल्लेबाजी करने उतरे राहुल, रनर बनेंगे लालू-नीतीश
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र से गुरुवार को पुलिस ने 10 लाख रुपये के जाली नोट के साथ एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस से कुछ लोग 10 लाख रुपये के जाली नोट के साथ जाने वाले हैं।
पढ़ें- नकली नोटों पर क्या कहा था लालू यादव ने
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बस स्टैंड से रवाना होने वाली सभी यात्री बसों में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी क्रम में पुलिस ने एक महिला को नकली नोटों से भरे एक बैग के साथ गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पूछताछ के दौरान बताया कि रमेश भी इस धंधे से जुड़ा है जो मझौलिया में इंतजार कर रहा है। पुलिस ने तत्काल मझौलिया पहुंचकर रमेश को भी गिरफ्तार कर लिया।
पश्चिमी चंपारण के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी गुलेनूर के रूप में की गई है, जबकि रमेश मझौलिया का ही रहने वाला है। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए जाली नोटों में एक-एक हजार रुपये के आठ लाख रुपये के बराबर नोट तथा पांच-पांच सौ के दो लाख के बराबर के नोट हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चुनावी एंगल की जांच
पुलिस इस बात की छानबीन करने में जुटी है कि कहीं ये नोट किसी विशेष दल के इशारे पर तो नहीं लाये गये हैं। चूंकि चुनाव सिर पर है, इसलिये नोटों के बांटे जाने की आशंका हर जिले में बनी हुई है।
वनइंडिया की अपील- बिहार वासियों से वनइंडिया अपील करता है कि जो नेता आपको पैसे, शराब, कपड़े, सोना-चांदी, नौकरी, आदि का लालच दे उसके कतई वोट मत दीजियेगा। वो सिर्फ देश को खेखला करने का काम कर रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications