मासूम की फरियाद: साहब या तो मेरे पापा की शराब की लत छुड़ा दो या फिर जेल में डाल दो
पटना। शराबी पिता की करतूत से परेशान आठ साल की मासूम सुनीता ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। बीती रात दादा के साथ रोते हुए फुलवारीशरीफ थाने पहुंची सुनीता ने पुलिस से दो टूक कहा कि वह उसके पिता की शराब की लत छुडा दें नहीं तो जेल में डाल दें। ऐसा नहीं हुआ तो वह पीट-पीट कर हम सभी को मार डालेंगे। उसने बताया कि पिता मुन्ना साह न केवल उसे बल्कि उसकी बड़ी बहन अनिता (12 साल) और दादा तारंगी साह को भी मारता-पीटता है।

सुनीता ने बताया कि उसके पिता मजदूरी करते हैं, मगर घर में कुछ पैसा नहीं देते। इधर-उधर से मजदूरी कर अगर हम दादा और बहनें पैसे लाते हैं, तो वे भी छीन कर शराब पी जाते हैं। मना करने पर हमारी ही पिटाई करने लगते हैं। मासूम अनीता की मां की मौत कई वर्षो पहले हो गई थी। इस बारे में पूछने पर अनीता ने कहा कि गांव के लोग बताते हैं कि मां भी पिता की पिटाई की कारण ही मर गई। जब मैंने अपनी बड़ी बहन अनीता से पूछा तो उसने भी यही कहा कि पिता मां को भी ऐसे ही पीटते थे।
दादा-पोती को अब भी भरोसा नहीं
पुलिस ने भले ही मुन्ना साह को समझा-बुझाकर भेज दिया हो मगर पीड़ित दादा-पोती को अब भी सुरक्षा का भरोसा नहीं है। मुन्ना साह के साथ वे सभी घर लौट आए हैं। तारंगी साह ने बताया कि वह बहू के मर जाने के बाद किसी तरह दो-दो पोतियों को पाल-पोस रहे हैं, मगर बेटे की शराब की लत ने सभी का जीना हराम कर दिया है। वह हमारे कमाए पैसे तो ले ही लेता है, उल्टे मारता-पीटता भी है।
वही बात चीत करने पर थाना प्रभारी अब्दुल गफ्फार ने बताया की मुन्ना साह के खिलाफ उसकी बेटी सुनीता व दादा तारंगी साह शिकायत लेकर थाने आए थे। मुन्ना को थाने लाकर समझा-बुझा दिया गया है। अगर आगे उसने फिर ऐसा किया तो उचित कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications