कोरोना महामारी के चलते बिहार पुलिस की सभी छुट्टियां रद्द, खास परिस्थिति में मिलेगी छुट्टी
पटना। कोरोना के बिगड़ते हालात को देखते हुए बिहार पुलिस ने अपने अफसरों और जवानों की छुट्टी रद्द कर दी है। प्रदेश में लॉकडाउन लगाने के बाद पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। एडीजी मुख्यालय जितेन्द्र कुमार के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि लॉकडाउन को सफल बनाने में पुलिस की अहम भूमिका है। इसे देखते हुए अधिकारियों व कर्मियों के अवकाश अगले आदेश तक रद्द किये जाते हैं। केवल विशेष परिस्थिति में केस-टू-केस के आधार पर अवकाश स्वीकृत होगा। आदेश की कॉपी सभी रेंज आईजी-डीआईजी और एसएसपी व एसपी के भेज दी गई है।

बता दें कि इससे पूर्व कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए राज्य के सभी स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द की गई थीं। होली के समय ही सरकार ने इनकी छुट्टियां रद्द करने का ऐलान किया था। तब से अभी तक स्वास्थ्यकर्मी और डॉक्टर बिना छुट्टी के दिन-रात कोरोना मरीजों की सेवा में जुटे हुए हैं। वहीं बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है, जिसके चलते प्रदेश में संक्रमितों की संख्या के साथ-साथ मृतकों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। बीते बुधवार को बिहार में कोरोना संक्रमण के 14 हजार 826 नए मामले सामने आए हैं।
इस दौरान 95 हजार 248 लोगों की जांच की गई थी। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 61 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। बुधवार को सबसे अधिक कोरोना के मामले प्रदेश की राजधानी पटना में सबसे अधिक 2420 नए मामले आए हैं। नए कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद प्रदेश में सक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 13 हजार 479 हो गई है। वहीं प्रदेश के लगभग एक दर्जन जिलों में संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications