पटनाः राबड़ी, तेजस्वी और तेजप्रताप सहित आरजेडी के 92 नेताओं पर केस दर्ज
पटना। बिहार के गोपालगंज जिले में तिहरे हत्याकांड में जदयू विधायक पप्पू पांडेय पर आरोप लगाते हुए राजद नेताओं ने उनकी गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन किया, जो कि काफी महंगा पड़ गया। बिना प्रशासन की अनुमति के 10 सर्कुलर रोड से अपने काफिले के साथ गोपालगंज जाने की कोशिश करने और लॉकडाउन के उल्लंघन करने के आरोप में आरजेडी के शीर्ष नेताओं सहित 92 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव भी शामिल हैं।

शुक्रवार की देर रात को सचिवालय थाने में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित 32 नामजद व राजद के 60 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। बता दें कि नामजद आरोपितों में राजद के कई विधायक भी शामिल हैं। इसके अलावा गोपालगंज के बरौली विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक मो नेमतुल्लाह और जिला राजद अध्यक्ष राजेश कुशवाहा समेत 13 नामजद व 60 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ हथुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इन सभी लोगों पर लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए हत्याकांड के खिलाफ रूपचनक गांव में धरना प्रदर्शन करने का आरोप है। पिछले दिनों गोपालगंज मे हुए हत्याकांड में सत्तारूढ़ दल जदयू के विधायक पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी और मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजद विधायकों और पार्टी नेताओं के साथ गोपालगंज जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने लॉकडाउन को देखते हुए उन सभी को गोपालगंज जाने की अनुमति नही दी का हवाला देकर उन्हें रोक दिया। लेकिन तेजश्वी के नेतृत्व में राजद विधायक जबरन गोपालगंज के लिए निकल गए.इस दौरान पुलिसकर्मियों और आरजेडी विधायकों में जमकर कहा सुनी हो गई।












Click it and Unblock the Notifications