मांझी ने ट्वीट कर कहा- अगर फोटो लगाने का शौक है तो कोरोना से हो रही मृत्यु की डेथ सर्टिफिकेट पर भी लगवाएं
पटना। बिहार सरकार की सहयोगी दल में शामिल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने पीएम मोदी पर हमला बोला है। सोमवार को मांझी ने ट्वीट करते हुए कहा कि वैक्सीन के सर्टिफिकेट पर अगर तस्वीर लगाने का इतना ही शौक है कोरोना से हो रही मृत्यु की डेथ सर्टिफिकेट पर भी तस्वीर लगाई जाए। यही न्याय संगत होगा। इससे पहले रविवार को भी जीतन राम मांझी ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा था। मांझी ने ट्वीट कर कहा था कि कोवैक्सीन का दूसरे डोज के उपरांत मुझे प्रमाणपत्र दिया गया, जिसमें पीएम की तस्वीर लगी है। देश में संवैधानिक संस्थाओं के सर्वेसर्वा राष्ट्रपति हैं। इस नाते उसमें राष्ट्रीपति की तस्वीर होनी चाहिए। वैसे तस्वीर ही लगानी है तो राष्ट्रपति के अलावा पीएम और स्थानीय सीएम की भी तस्वीर होनी चाहिए।

बता दें कि बिहार में रविवार को 1 लाख 24 हजार 175 व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें से 1 लाख 20 हजार 169 व्यक्तियों को टीका का पहला डोज और 4006 को दूसरा डोज दिया गया। इस दौरान 18 साल से 44 साल के 1 लाख 11 हजार 223 व्यक्तियों को कोरोना टीका का पहला डोज दिया गया। 45 से 59 साल के 6 हजार 670 व्यक्तियों को पहला डोज और 2 हजार 667 व्यक्तियों को दूसरा डोज तथा 60 साल से अधिक के 1 हजार 584 व्यक्तियों को पहला डोज और 1074 व्यक्तियों को दूसरा डोज दिया गया। राज्य में अबतक 97 लाख 97 हजार 335 व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया जा चुका है।
बिहार में लॉकडाउन लगने के बाद कोरोना के मामलों का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा है। हालांकि कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य के 107 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है, जिनमें से पटना में 8 लोगों की इलाज के दौरान जान गई है। बता दें अब तक राज्य में कोरोना से कुल 4549 लोगों की जान जा चुकी है।
हालांकि राहत की बात यह है कि इन सबके बीच रिकवरी रेट में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। रविवार को एक्टिव मामलों में बड़ी कमी आई है। प्रदेश में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 40 हजार 691 हो गया है। राज्य की रिकवरी रेट भी एक दिन में 92.8 से बढ़कर 93.44% पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications