नीतीश कुमार को याद आया सीएम सिंहासन
पटना। महागठबंधन के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद बिहार के सियासी गलियारों में वापस हलचल मची है। और ये चुनावी क्लाईमेक्स लेकर आए हैं पूर्व सीएम नीतीश कुमार। दरअसल नीतीश कुमार को अब सिंहासन का मोह वापस सताने लगा है और यही बात उन्होंने बड़ी ही बेबाकी से कह डाली।

नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें भविष्य में मुख्यमंत्री बनने से कोई गुरेज नहीं है। अपनी बात पर सफाई देते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद त्यागा था लोक सभा चुनाव का मेहनताना न मिलने पर। यदि उन्हें उनका मेहनताना दे दिया जाता है तो वे वापस बिहार के मुखिया बनने को तैयार हैं।
नैतिक ज़िम्मेदारी को बताया इस्तीफे का कारण
पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि उन्हें अपनी ज़िम्मेदारियों का एहसास है और वो किसी भी कर्तव्य से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने अपने इस्तीफे को केवल अपनी नैतिक जिम्मेदारी बताया। गौरतलब है कि 17 मई को लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद नीतीश कुमार ने जदयू के खराब प्रदर्शन की ज़िम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा को भी बताया वादाखिलाफी का शहंशाह
नीतीश कुमार ने पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार भाजपा के कद्दावर नेता सुशील मोदी पर भी जमकर भड़ास निकाली। नीतीश ने भाजपा पर धावा बोलते हुए उन्हें बिहार को विशेष राज्य का दर्जा न देने पर कहा कि अब छोटे मोदी यानि सुशील मोदी भी विशेष दर्जे पर चुप्पी साध गए हैं जबकि इसी मांग का गच्चा देकर भाजपा ने बिहार में 31 सीटें झटक लीं।












Click it and Unblock the Notifications